प्रेमिका से मिलने रात में गया था किशोर, उसके घरवालों ने की हत्या Prayagraj News
सदर बाजार में किशोर की ईंट-पत्थर से कूंचकर निर्मम हत्या कर दी गई। जान से मारने का आरोप प्रेमिका के घरवालों पर है। केस दर्ज हुआ है और पुलिस ने दो को पकड़ लिया है।
प्रयागराज, जेएनएन। कैंट थाना क्षेत्र के ड्रमंड रोड इलाके में ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी गई। वह अपनी प्रेमिका से मिलने शनिवार की रात में गया था। इसी दौरान प्रेमिका के घरवालों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जान ले ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। किशोर के घरवालों ने किशोरी के परिजनों के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया है। वहीं कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को पकड़ा गया है। उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
फुटबाल का खिलाड़ी था गौरव
17 साल का गौरव सदर बाजार इलाके में रहता था। वह फुटबाल का खिलाड़ी था। गौरव का प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी जानकारी दोनों के परिजनों को भी थी। दोनों के संबंध पर पाबंदियां भी लगाई जा रही थी। इसके बाद भी दोनों चोरी-छिपे मिलते थे। बताते हैं कि शनिवार की रात में प्रेमिका से मिलने के लिए गौरव उसके घर गया था। इसकी जानकारी लड़की के परिजनों को हो गई। आरोप है कि उन्होंने उसे पकड़ लिया और ईंट-पत्थर से कूंचकर गौरव की हत्या कर दी। इसके बाद लाश को फेंक दिया गया।
गौरव के परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज, दो पकड़े गए
सुबह हत्या की जानकारी मिलने पर गौरव के परिजनों के साथ सैकड़ों की संख्या में भीड़ लग गई। सूचना पाकर कैंट थाने की पुलिस भी पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। गौरव के परिजनों का आरोप है कि प्रेमिका के घरवालों ने उसकी हत्या की है। तहरीर मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपितों को पकड़ लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
गोली मारने का एक आरोपित हिरासत में, तीन की तलाश
कर्नलगंज में कचहरी रोड पर शुक्रवार शाम बेली अस्पताल से बाजार जा रहे सिक्योरिटी गार्ड शैलेंद्र उर्फ मिथुन पासी को गोली मारने के एक आरोपित पप्पू पासी को पुलिस ने पकड़ लिया है। उसके पुत्र छोटू समेत बाकी तीन आरोपित फरार हैं। पुलिस को सर्विलांस से एक आरोपित मोहित की लोकेशन घटना के वक्त कहीं और मिली। पुलिस वारदात में हर पहलू पर छानबीन कर रही है। शिवकुटी में भुलई का पूरा निवासी पुरुषोत्तम उर्फ मंडोले पासी का पुत्र मिथुन (25) बेली अस्पताल में संविदा पर तैनात है। वह शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे अस्पताल में ड्यूटी के बाद कुछ सामान खरीदने निकला था तभी कचहरी रोड पर छप्पन भोग के पास दो बाइक सवार चार लोगों ने उसे रोका और पीठ पर गोली मारकर भाग गए। मिथुन को बेली और एसआरएन अस्पताल में उपचार के बाद निजी हॉस्पिटल ले जाया गया जहां देर रात ऑपरेशन कर गोली निकाली गई।
तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही
मिथुन की बहन रानी ने स्वराज नगर निवासी पार्षद मीरा देवी के पुत्र मोहित पासी के अलावा मोहल्ले के ही मनीष छोटू और उसके पिता पप्पू पासी पर हत्या की कोशिश का नामजद केस लिखाया है। इसमें छोटू पासी पर हत्या और रंगदारी के लिए धमकी समेत कई आपराधिक मुकदमे हैं। पुलिस ने उसके पिता पप्पू पासी को हिरासत में लिया है। पता चला है कि वह अवैध शराब बेचने के धंधे में लिप्त है। एसपी सिटी ब्रजेश श्रीवास्तव का कहना है कि बाकी तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं। मोबाइल सर्विलांस का सहारा लिया जा रहा है ताकि जल्द गिरफ्तारी हो सके।