Hit and Run : प्रयागराज में नए यमुना पुल पर अनहोनी, टक्कर मारकर भागी गाड़ी, बाइक सवार की मौत
नैनी की तरफ से बाइक सवार शख्स रविवार रात शहर की तरफ आ रहा था। अभी वह पुल पार करता इससे पहले किसी वाहन ने चपेट में ले लिया। वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। एसआइ पंकज भास्कर मौके पर पहुंचे
प्रयागराज, जेएनएन। शहर में कीडगंज थाना क्षेत्र के नए यमुना पुल पर रविवार रात सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई। घटना के बाद बाइक सवार को टक्कर मारने वाले वाहन का चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। दुघर्टना की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार की शिनाख्त कराने का प्रयास किया ताकि उसके घर में खबर दी जा सके।
टक्कर मारनेे वाली गाड़ी नहीं आई पकड़ में
नैनी की तरफ से बाइक सवार शख्स रविवार रात शहर की तरफ आ रहा था। अभी वह पुल पार करता, इससे पहले किसी वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। जानकारी पाकर कीडगंज थाने के एसआइ पंकज भास्कर मौके पर पहुंचे और आननफानन घायल बाइक सवार को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के जेब से आधारकार्ड मिला है, जिस पर उसका नाम मनोज कुमार (50) पुत्र भी.डी. मिश्रा निवासी टायो कालोनी गम्हरिया थाना सरायकेला जिला खरमावां झारखंड लिखा है। उसके पास से कोई मोबाइल फोन नहीं मिला है। घटनास्थल के आसपास मोबाइल खोजने की कोशिश की जा रही है, जिससे यह पता चल सके कि मनोज यहां कहां रहते थे और क्या करते थे। किस वाहन ने उनको चपेट में लिया, यह पता नहीं चल सका है। चौराहे पर लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा जाएगा कि किस वाहन ने मनोज को चपेट में लिया था। पहचान होने पर ही परिवार के लोगों को खबर दी जा सकेगी।