Bharatiya Kisan Union : प्रयागराज में किसानों के हितों के लिए योजनाबद्ध तरीके से लड़ाई लड़ेगी भाकियू
Bharatiya Kisan Union प्रयागराज में किसानों की सबसे बड़ी समस्या समय से बिजली पानी और खाद का नहीं मिलना है। रोस्टर के मुताबिक बिजली का मिलना ट्रांसफार्मर जलने पर कई दिनों तक इसे न बदलने के कारण फसलों की सिंचाई में होने वाली दिक्कतों को लेकर भाकियू आवाज बुलंद करेगा।
प्रयागराज, जेएनएन। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट किसानों के हित के लिए योजनाबद्ध तरीके से लड़ाई लड़ेगी। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी रणनीति बनाने में जुटे हैं। प्रयागराज में किसानों को अधिक से अधिक संख्या में संगठन में जोड़ने और उनकी समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया जा रहा है। किसानों के साथ बैठक हो रही है। चौपाल भी लग रही है।
बिजली, पानी, खाद जैसे समस्याओं को लेकर उठाएंगे आवाज
किसानों की सबसे बड़ी समस्या समय से बिजली, पानी और खाद का नहीं मिलना है। रोस्टर के मुताबिक बिजली का मिलना और ट्रांसफार्मर जलने पर कई दिनों तक इसे न बदलने के कारण फसलों की सिंचाई में होने वाली दिक्कतों को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी। नहरों में पानी और समय से खाद उपलब्ध करने को लेकर भी मांग होगी।
किसानों की हाे रही उपेक्षा, बदहाली पर नहीं दिया जा रहा ध्यान
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ता लगातार यह कह रहे हैं कि किसानों की उपेक्षा की जा रही है। सरकार को किसानों से कोई मतलब नहीं रह गया है। सरकार द्वारा जो भी योजनाएं चलाईं जा रही हैं, उससे किसानों को लाभ नहीं बल्कि नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालात ऐसे उत्पन्न किए जा रहे हैं कि किसानों की हालत बद से बदतर होती जा रही है। उपज का दाम नहीं निकल पा रहा है, मुनाफा तो दूर की बात रही। यही वजह है कि किसान दूसरे प्रदेशों में रोजी रोटी के लिए पलायन कर रहे हैं। किसानों की बदहाली पर अगर ध्यान नहीं दिया गया तो संगठन बड़ी लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेगा।