कुंभ 2025 के पहले प्रयागराज की सड़क, जल और हवाई मार्ग से बढ़ जाएगी कनेक्टिविटी
कुंभ 2019 के मुकाबले कुंभ 2025 अधिक दिव्य और भव्य होगा। यह जिले के विकास का माध्यम बनेगा। तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शहर ही नहीं गांव की सड़कों का चौड़ीकरण सुंदरीकरण होने के साथ अन्य संसाधन बढ़ाए जाएंगे। सड़क मार्ग के जल मार्ग और वायु मार्ग से कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। वर्ष 2025 में होने वाला कुंभ 2019 के मुकाबले अधिक दिव्य और भव्य होगा। यह जिले के विकास का माध्यम बनेगा। तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शहर ही नहीं गांव की सड़कों का चौड़ीकरण, सुंदरीकरण होने के साथ अन्य संसाधन बढ़ाए जाएंगे। सड़क मार्ग के साथ जल मार्ग और वायु मार्ग से कनेक्टिविटी बढ़ेगी। गंगा और यमुना घाटाें को विस्तारित कर उनका भी सुंदरीकरण कराया जाएगा।
तैयारियों का जायजा लेने जुलाई में आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
यह जानकारी उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देश में कुंभ के आयोजन की तैयारियां चल रही हैं। जुलाई में वह प्रयागराज आएंगे। सभी विभागों के कार्यों की रूप रेखा को जानेंगे।
कानपुर शताब्दी ट्रेन के आवागमन को विस्तार देने को लिखा पत्र
कानपुर शताब्दी ट्रेन प्रयागराज तक आए इसके लिए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। कहा है, यदि ट्रेन के आवागमन को विस्तारित किया जाता है तो लोगों को अधिक सुविधा होगी। इसके अतिरिक्त कई अन्य शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने का प्रयास चल रहा है। खासकर कोलकाता की फ्लाइट जल्द शुरू होने के साथ पुणे के लिए चलने वाली फ्लाइट के फेरे बढ़ाने के लिए उड्डयन मंत्रालय एवं डीजीसीए को पत्र भेजा जा रहा है। प्रयागराज के एयरपोर्ट का नाम विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे स्व. अशोक सिंहल के नाम पर किए जाने के प्रश्न पर बोले, संगमनगरी उनकी कर्म भूमि रही है। अब तक उनके नाम से कोई सड़क या अन्य स्थान नहीं है। उनके गौरव के अनुरूप जल्द ही कुछ न कुछ किया जाएगा।
कोई परियोजना पिछड़ने नहीं पाएगी
उपमुख्यमंत्री ने अपने पिछले कार्यकाल में शुरू हुई परियोजनाओं के संदर्भ में कहा कोई भी कार्य पिछड़ेगा नहीं। यह अलग बात है कि चुनाव व मंत्रालय बदलने से कुछ असर पड़ा होगा। बमरौली स्थित बेगम बाजार पुल के संदर्भ में कहा कि रक्षा मंत्रालय से वार्ता हो चुकी है। सभी समस्याओं का समाधान भी कर लिया गया है। उम्मीद है पुल का जो कार्य शेष है जल्द पूरा होगा।
शिक्षा की दृष्टि से प्रदेश को सपा ने खोखला किया
उपमुख्यमंत्री ने सपा को घेरते हुए कहा, भाजपा ने शिक्षा की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए नकल अध्यादेश पारित किया। अब भी कई सुधार किए जा रहे हैं। दूसरी तरफ सपा ने नकल अध्यादेश हटा दिया। मनमाने तौर पर सेंटर आदि बनाए। सीधे शब्दों में कहें तो शिक्षा की दृष्टि से प्रदेश को खोखला कर दिया गया।