Bank of Baroda कर्मचारी संगठनों ने प्रयागराज में दिखाई एकता, बैंकों के निजीकरण का किया विरोध
बैठक की अध्यक्षता कर रहे बीओबी कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष करुणेश शुक्ल ने केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय बैंकों के निजीकरण का विरोध किया। उन्होंने इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पडऩे वाले कुप्रभावों को बताया। कहा कि निजीकरण सामाजिक उत्थान और राष्ट्र की प्रगति के लिए घातक होगा।
प्रयागराज, जेएनएन। बैंकों के निजीकरण का बीओबी कर्मचारी संगठनों ने विरोध दर्ज कराया। प्रयागराज में बैंक ऑफ बड़ौदा कर्मचारी संगठन उत्तर प्रदेश और बैंक ऑफ बड़ौदा इंप्लाइज यूनियन की लखनऊ अंचल की प्रबंध समिति की बैठक हुई। रविवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में हुई बैठक में कर्मचारियों ने एकता का परिचय दिया।
निजीकरण राष्ट्र की प्रगति के लिए घातक : करुणेश
बैठक की अध्यक्षता कर रहे संगठन के अध्यक्ष करुणेश शुक्ल ने केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय बैंकों के निजीकरण का विरोध किया। उन्होंने इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पडऩे वाले कुप्रभावों को बताया। उन्होंने कहा कि निजीकरण सामाजिक उत्थान और राष्ट्र की प्रगति के लिए घातक होगा। यह संविधान की मूल भावना के विपरीत पूंजीवादियों को प्रोत्साहित करेगा।
संगठन महामंत्री ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल में समर्थन की अपील की
संगठन के महामंत्री विनय प्रकाश सक्सेना ने सदस्यों को बैंक के स्तर पर नीतिगत परिवर्तनों के विषय में जानकारी दी। साथ ही निजीकरण के विरोध में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन द्वारा 15 व 16 तारीख को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि वह सरकार की किसी भी ऐसी नीति के खिलाफ हैं जो समाज के कमजोर वर्गों की प्रगति में बाधक है। हालांकि, बैंक की प्रगति में संगठन द्वारा सहयोग करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
इन्होंने दिखाई एकजुटता
सहायक महामंत्री व क्षेत्रीय सचिव प्रयागराज एसके सिंह ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए हुए अतिथियों व सदस्यों का स्वागत किया। कुंवर तेज प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रयागराज क्षेत्र के सदस्यों सुंदर लाल, आनंद सिंह, कन्हैया यादव, प्रभंजन प्रसाद, विक्रम सिंह, राजेश व अन्य को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए साधुवाद दिया। बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी कानपुर से राजेश श्रीवास्तव, विपिन राव, अरविंद शुक्ल, लखनऊ से खालिद वली, अरुण अग्रवाल, सुल्तानपुर से एसबी सिंह आदि शामिल हुए।