नगर निगम ने मंडी समिति समेत चार बड़े बकाएदारों के बैंक खाते सीज
नगर निगम ने मंडी समिति जेके पैलेस टाटा मोटर्स और गंगोत्री गार्डन के बैंक खाते सीज कर दिए हैं। यह सब टैक्स जमा न करने वाले बड़े बकाएदार हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
प्रयागराज : टैक्स जमा करने के लिए बार-बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान न करने पर नगर निगम ने मंडी समिति, होटल जेके पैलेस, टाटा मोट्र्स और गंगोत्री गार्डन के खिलाफ कार्रवाई की है। चारों बड़े बकाएदारों के बैंक खातों को सीज कर दिया गया है। इन सभी के ऊपर लगभग 82 लाख रुपये का टैक्स बकाया है।
वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले टैक्स वसूली में आई तेजी
31 मार्च को वित्तीय वर्ष 2018-19 समाप्त हो रहा है। इसलिए नगर निगम ज्यादा-से-ज्यादा टैक्स वसूली में जुटा है। पिछले दिनों कई बड़े बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका बैंक खाता सीज किया गया था। अब फिर बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई की गई है। मुंडेरा स्थित मंडी समिति ने नगर निगम का 35 लाख का टैक्स जमा नहीं किया है। इसलिए नगर निगम ने सुलेमसराय स्थित एसबीआइ में मंडी का खाता सीज करा दिया। इसी प्रकार होटल जेके पैलेस का 20 लाख रुपये टैक्स बकाया है। जेके पैलेस का शिव चरण मार्ग स्थित आइडीबीआइ बैंक का खाता नगर निगम न सीज कर दिया है।
टाटा मोटर्स का एसबीआइ का खाता सीज
वहीं दूसरी ओर सिविल लाइंस में बिग बाजार के पास स्थित टाटा मोटर्स पर 15 लाख रुपये बकाया है। उसका एमजी मार्ग स्थित एसबीआइ का खाता सीज कर दिया गया है। इसी तरह 12 लाख के बकाए पर गंगोत्री गार्डन का पीएनबी स्थित खाता सीज कर दिया गया।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी कहते हैं
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्रा का कहना है कि नगर आयुक्त के निर्देश पर चार बड़े बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अगले हफ्ते कई और बकाएदारों पर कार्रवाई की तैयारी है।