प्रयागराज सिटी में बरसात और वज्रपात के बाद कहीं पूरी रात तो कहीं 10 घंटे बाद बिजली सप्लाई हो सकी शुरू
वर्षा के बीच वज्रपात की वजह से शुक्रवार शाम झलवा से अशोक नगर उपकेंद्र आने वाली 33 हजार की लाइन कई जगह से खराब हो गई थी। इससे अशोक नगर नेवादा गंगानगर मऊसरैया पत्रकार कालोनी ड्रमंड रोड स्वामी विवेकानंद मार्ग इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज शहर के कई इलाकों में शुक्रवार पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं, अशोक नगर समेत सात मोहल्लों में करीब दस घंटे बाद बत्ती आई। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों को जबरदस्त जलभराव के बावजूद शनिवार को पानी के लिए तरसना पड़ गया।
33 हजार लाइन में खराबी से बिजली कटौती
वर्षा के बीच बादलों में हुई गर्जना की वजह से शुक्रवार शाम करीब चार बजे झलवा से अशोक नगर उपकेंद्र आने वाली 33 हजार की लाइन कई जगह से खराब हो गई थी। इससे अशोक नगर, नेवादा, गंगानगर, मऊसरैया, पत्रकार कालोनी, ड्रमंड रोड, स्वामी विवेकानंद मार्ग इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी।
कई मोहल्लों में पानी भरने से बंद हो गई आपूर्ति
कर्मचारियों ने मरम्मत का कार्य किया तो देर रात लगभग दो बजे आपूर्ति बहाल हुई। वहीं, करेली के मदीना कालोनी, गड्ढा कालोनी और जफीर की पुलिया इलाके में पानी भरने की वजह से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।
पानी कम होने के बाद शुरू की गई बिजली सप्लाई
रात भर यहां के लोग अंधेरे में रहे। शनिवार सुबह पानी कम होने के बाद आपूर्ति बहाल की गई। तेलियरगंज इलाके में तकनीकी खराबी आने से शनिवार को दिन में कई घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। सोहबतियाबाग, दारागंज, हिम्मतगंज, खुल्दाबाद, लूकरगंज, बेनीगंज, ककरहा घाट, बलुआघाट समेत अन्य इलाकों में भी तकनीकी खराबी के कारण बिजली की आवाजाही लगी रही।