इलाहाबाद में फिल्मी स्टाइल में भागा कैदी, सिपाही सस्पेंड
सिपाही कैदी को कचहरी में बने बाथरूम में ले गया जहां आरोपी यूरिनल के पास पहुंचा तो सिपाही हाथ धोने लगा, बाथरूम में तीन यूरिनल थे, सलीम उसके बगल बने गड्ढे जहां कबाड़ और गंदगी फैली थी, उसी रास्ते से निकल भागा।
इलाहाबाद (जागरण संवाददाता)। नैनी सेंट्रल जेल से पेशी पर कचहरी आया शातिर अपराधी मो. सलीम बुधवार को फिल्मी स्टाइल में निकल भागा। पेशी के बाद बहाने से बाथरूम में गया। सलीम यूरिनल के बगल बने गड्ढे से दीवार के उस पार निकलकर फरार हो गया। गंदगी के बीच से सलीम बाथरूम से निकल गया और अभिरक्षा में लगा सिपाही हाथ धोने में मस्त रहा।
कचहरी से कैदी के भागने से खलबली मच गई। खबर पाकर सीओ आलोक मिश्र, इंस्पेक्टर अवधेश प्रताप पहुंच गए। कचहरी के आसपास पुलिस ने नाकाबंदी कर छानबीन कराई लेकिन सलीम का पता नहीं चला। कर्नलगंज थाने में सिपाही देवेंद्र नाथ के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है। एसएसपी ने सिपाही को सस्पेंड कर दिया।
फरार हुआ मो. सलीम मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बसई कला गांव के रहने वाले मो. कलीम का बेटा है। उस पर हत्या समेत कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2012 में सोनभद्र में हत्या कर बोलेरो लूट के मामले में वह गिरफ्तार हुआ था। उसके पास से तमंचा बरामद हुआ था। वर्ष 2013 में सलीम को पेशी पर मिर्जापुर ले जाया गया था। औद्योगिक थाना क्षेत्र में ट्रेन से लौटते वक्त सलीम भागने लगा था।
तब उसे पकड़ने में एक सिपाही ट्रेन की चपेट में आकर मर गया था। हंगामा हुआ था कि सलीम ने सिपाही को ट्रेन के आगे धक्का दे दिया था। तब कोरांव पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। तब से वह जेल में था। बुधवार को उसे पेशी पर नैनी जेल से कचहरी लाया गया। पेशी के बाद दोपहर बाद उसे वापस जेल ले जाने की तैयारी थी। इसी बीच सलीम ने सिपाही देवेंद्र से कहा कि बाथरूम जाना है।
यह भी पढ़ें: कानपुर में कोचिंग हॉस्टल में आग लगने से दो की मौत, 14 गंभीर
देवेंद्र उसे कचहरी में बने बाथरूम में ले गया। सलीम यूरिनल के पास पहुंचा तो सिपाही हाथ धोने लगा। बाथरूम में तीन यूरिनल थे, सलीम उसके बगल बने गड्ढे जहां कबाड़ और गंदगी फैली थी, उसी रास्ते से निकल भागा। सीओ आलोक मिश्र के मुताबिक कैदी की तलाश में दबिश दी जा रही है। सिपाही के खिलाफ केस दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: जंगल में प्रेमी युगल के साथ हैवानियत, दो आरोपी गिरफ्तार