Accident on Lucknow Highway : प्रयागराज में टोल प्लाजा कर्मी को ट्रक ने रौंदा, बैरियर तोड़कर भाग रहा था
Accident on Lucknow Highway प्रयागराज के लालगोपालगंज में लखनऊ राजमार्ग स्थित अंधियारी टोल प्लाजा के कर्मी की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। टोल प्लाजा के बैरियर को तोड़ भाग रहे ट्रक को कर्मचारी ने रोकने का प्रयास किया था। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर लालगोपालगंज टोल प्लाजा पर हादसा हो गया। यहां के अंधियारी टोल प्लाजा के एक कर्मचारी को ट्रक ने रौंद दिया। हादसा तब हुआ जब टोल प्लाजा के बैरियर को तोड़कर ट्रक चालक भाग रहा था। टोल प्लाजा कर्मी ने वाहन को रोकने का प्रयास किया था। हादसे के बाद वाहन लेकर चालक फरार हो गया। हालांकि घटना वहां लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। थाने में तहरीर दी गई है।
टोल बूथ पर लगे सीसी टीवी कैमरे में घटनाक्रम कैद
लालगोपालगंज में लखनऊ राजमार्ग स्थित अंधियारी टोल प्लाजा पर कर्मचारी पाठक का पुरवा गांव निवासी राजू पाठक 37 पुत्र स्वर्गीय भोला नाथ की ड्यूटी थी। इसी दौरान टोल प्लाजा के बैरियर को तोड़ता हुआ एक ट्रक आगे बढ़ गया। राजू ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया। ट्रक चालक राजू को रौंदते हुए मौके से फरार हो गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टोल बूथ पर लगे सीसी टीवी कैमरे में घटनाक्रम कैद हो गया।
आरोपित ट्रक चालक के खिलाफ थाने में दी तहरीर
वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शी टोल कर्मी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रक चालक के विरुद्ध लालगोपालगंज थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल करने के बाद आरोपित ट्रक चालक को पकड़ने का प्रयास कर रही है। राजू पाठक पांच भाइयों में सबसे छोटा था। चार वर्ष पूर्व पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई है। दो बेटे मिलन 16 और मोहित 10 हैं। पिता के मौत के बाद दोनों बेटों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
ट्रक की टक्कर से युवक की मौत
कौशांबी जनपद में महेवाघाट थाना क्षेत्र के हिनौता गांव के पास ट्रक ने ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित होकर ट्रक ने पैदल जा रहे युवक को टक्कर मारी। उसके गिरने पर ट्रक उसे रौंदते हुए आगे बढ़ गई। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। हिनौता गांव के बेनी माधव का 25 वर्षीय पुत्र संगम लाल केसरवानी मंगलवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। गांव के बाहर अभी वह पहुंचा था कि पीछे ट्रैक्टर-ट्राली आ रही थी। ट्रैक्टर-ट्राली में ट्रक ने टक्कर मारा।
पुलिस ने जेसीबी से ट्रक हटाकर शव निकाला
हादसा देख संगम लाल भाग कर सड़क की पटरी के नीचे चला गया। उधर ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित ट्रक पटरी के नीचे उतर गई और संगल लाल को रौंद दिया। पैर कीचड़ में फंसने से संगम लाल गिर गया था। ट्रक का पहिया उसके पिछले हिस्से में चढ़ गया था। हादसे के बाद आसपास के लोग उसे ट्रक के नीचे फंसे देखा। सूचना पर पहुंचे हिनौता चौकी इंचार्ज ने जेसीबी की मदद से ट्रक को पीछे खिंचवाया। तब जाकर संगम लाल को बाहर निकाला गया। कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
घर का बुझ गया चिराग
संगम लाल केसरवानी घर का एकलौता पुत्र था। वह चाट-फुल्की बेच कर परिवार का पालन-पोषण किया करता था। इसी कारोबार से उसने अपनी दो बहनों की शादी की थी। उसका विवाह आकृति केसरवानी से दो वर्ष पूर्व हुआ था। एक बेटी शिवानी है। संगम लाल की मौत की खबर सुनकर आकृति और उसके सास-ससुर बिलखते हुए घटनास्थल पर पहुंचे।