आप प्रदेश अध्यक्ष बोले-बिजली दर में बढ़ोतरी करके सरकार कर रही आर्थिक शोषण Prayagraj News
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह का प्रयागराज दौरा हुआ। इस दौरान प्रदेश सरकार के कार्यों को आड़े हाथों लिया। बिजली दर में बढ़ोतरी को आर्थिक शोषण बताया।
प्रयागराज, जेएनएन। योगी आदित्यनाथ की सरकार मनमाने ढंग से बिजली के दरों में बढ़ोतरी करके लोगों का आर्थिक शोषण कर रही है। अगर बढ़ी दरों को वापस नहीं लिया गया तो पार्टी इसके खिलाफ आंदोलन तेज करेगी। सिविल लाइंस स्थित एक निजी होटल में मीडिया से मुखातिब आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने यह बातें कहीं।
बोले-सरकार कई ऐसे कदम उठा रही जिससे मंहगाई भी बढ़ रही है
आप प्रदेश अध्यक्ष ने मोटर वाहन अधिनियम में जुर्माने की राशि बढ़ाने को भी आम लोगों का शोषण व भ्रष्टाचार को बढ़ाने वाला बताया। प्रदेश अध्यक्ष ने नगर निगम के गृहकर पर कहा कि सरकार कई ऐसे कदम उठा रही हैं, जिससे मंहगाई भी बढ़ रही है। उन्होंने छात्रसंघ को बहाल करने व सभी विश्वविद्यालय, कालेजों में चुनाव कराने की मांग करते हुए कहा कि पार्टी प्रदेश में 15 सितंबर से सदस्यता अभियान शुरू करेगी। इस दौरान प्रदेश सचिव दिनेश सिंह ने कार्यकर्ता संवाद का आयोजन करने व जिला इकाइयों का पुनर्गठन करने की बात कही।
गृहकर वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन, ज्ञापन
नगर निगम एक अक्टूबर से गृहकर में वृद्धि करने जा रहा है। गृहकर की दरों को लेकर कई पार्षद और पूर्व पार्षद आक्रोश प्रकट कर रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माक्र्सवादी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में प्रदर्शन किया। इस दौरान गृहकर वृद्धि का जबर्दस्त विरोध किया गया। पूर्व पार्षद शिवसेवक सिंह ने बताया कि नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में अपर नगर आयुक्त अमरेंद्र वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर 18 सितंबर तक गृहकर की दरों को लेकर अंतिम सहमति नहीं बनी तो 19 सितंबर से आंदोलन होगा।