प्रयागराज में तकरार के बाद मार दी युवक को गोली, जानिए क्या थी वारदात की वजह
रवि ने अपना सुअर बताते हुए पकड़ने का विरोध किया। इस पर उनके बीच विवाद हो गया। रवि का आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए नितिन ने अचानक उस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। इससे उसके पेट और हाथ में गोली का छर्रा लगने से वह जख्मी हो गया।
प्रयागराज, जेएनएन। धूमनगंज थाना क्षेत्र के सुलेम सराय इलाके में मंगलवार शाम सुअर के विवाद में युवकों के बीच विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर एक पक्ष के युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। छर्रे लगने से रवि पेंटर जख्मी हो गया तो हमलावर भाग निकले। खबर पाकर वहां पहुंची पुलिस ने पूछताछ करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। रवि की तहरीर पर नितिन और उसके माता पिता व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपित पकड़ में नहीं आया।
सुअर पकड़ने के विरोध पर टकराव
पुलिस के मुताबिक, जयरामपुर सूबेदारगंज निवासी रवि पेंटर सुअर पालन भी करता है। मंगलवार शाम वह सुलेम सराय इलाके में था। इसी दौरान वहां कुछ युवक पहुंचे और एक सुअर को पकड़ने लगे। इस पर रवि ने अपना सुअर बताते हुए पकड़ने का विरोध किया। इस पर उन लोगों के बीच विवाद हो गया। रवि का आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए नितिन ने अचानक उस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। इससे उसके पेट और हाथ में गोली का छर्रा लगने से वह जख्मी हो गया।
गोली की आवाज से जुटी भीड़
फायरिंग की आवाज और रवि की चीख सुनकर आसपास के लोग वहां जुट गए। इस बीच हमलावर वहां से फरार हो गए थे। लोग घायल रवि को अस्पताल ले गए जहां उसके परिवार के लोग भी खबर पाकर पहुंच गए। फिर पुलिस भी वहां आ गई। इंस्पेक्टर धूमनगंज अरुण चतुर्वेदी का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुकदमा लिखकर आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है। रवि की हालत सामान्य है।