दो पक्षों के बीच विवाद में फायरिंग, युवक के पैर में लगी गोली Prayagraj News
कहासुनी से नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इस दौरान फायरिंग होने लगी। इसमें एक पक्ष के आदित्य सिंह के पैर में गोली लगी है।
प्रयागराज, जेएनएन। पडोसी जनपद प्रतापगढ के कंधई थानाक्षेत्र में गुरुवार सुबह दो पक्ष आमने सामने हो गए। कहासुनी के बाद बात इतनी बढ गई फायरिंग होने लगी। फायरिंग से गांव में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के काफी सालों से रंजिश चल रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
कंधई थानाक्षेत्र के ईशनुपर गांव में कई सालों से दो पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही है। गुरुवार सुबह एक बार दोबारा दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। पहले उनके बीच कहासुनी होती रही। विवाद की जानकारी होने पर दोनों पक्षों के तमाम लोग आ गए। कहासुनी से नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इस दौरान फायरिंग होने लगी। इसमें एक पक्ष के आदित्य सिंह के पैर में गोली लगी है। फायरिंग की सूचना पर एसओ कंधई विपिन कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। घायल आदित्य सिंह को अस्पताल भेजा। एसओ विपिन कुमार सिंह का कहना है कि घायल आदित्य को अस्पताल भेजा गया। मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षामित्र और अभ्यर्थियों पर केस
शिक्षा निदेशालय के बाहर हंगामा करने के आरोप में कई शिक्षामित्रों व अभ्यर्थियों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। महामारी एक्ट एफआइआर चौकी इंचार्ज थार्नहिल रोड विमलेश कुमार की तहरीर पर दर्ज हुई है। पुलिस का आरोप है कि अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में मेरिट में चयन न होने को लेकर लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए हंगामा किया था।
घर में घुसकर किया हमला, जख्मी
धूमनगंज थाना क्षेत्र के बमरौली में रहने वाले शमीम के घर में घुसकर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इससे शमीम और उनका भतीजा जख्मी हो गए। घटना के बाद पीडि़त ने अनवर, मुन्ना, अमीर, अमान, शाहरुख, हाशिम, अली, अकरम व कई अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।