Mesars GE T and D India Limited: ऐतिहासिक निर्णय, प्रयागराज इकाई के 218 कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित
Mesars GE T and D India Limited सभी 218 कर्मचारियों को 7.37 लाख रुपये जीईटी एंड डी इंडिया लिमिटेड द्वारा ड्राफ्ट के रूप में एकमुश्त दी जाएगी। इसमें 2020-21 के बोनस आदि राशियां शामिल होंगी। इसके अलावा कंपनी द्वारा कोई धनराशि देय नहीं होगी।
प्रयागराज, जेएनएन। मेसर्स जीई टी एंड डी इंडिया लिमिटेड की प्रयागराज स्थित नैनी इकाई के सभी 218 कर्मचारी मेसर्स शिरडी साई इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड में भी बने रहेंगे। सभी कर्मचारी पुरानी सेवा शर्तों और वेतन के साथ काम करेंगे। इन्हें 7.37 लाख रुपये भी दिए जाएंगे। संविदा कर्मियों को भी रखा जाएगा। यह सहमति उप श्रमायुक्त कार्यालय में पुरानी और नई कंपनियों के मालिकानों एवं कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ हुई वार्ता में बनी।
नैनी इकाई में 2019 से ठप था उत्पादन, बेचने का लिया था निर्णय
जीईटी एंड इंडिया लिमिटेड की नैनी इकाई को भारी नुकसान होने, कार्य आदेशों की कमी एवं श्रम दिक्कतों के कारण 2019 के मध्य से उत्पादन कार्य ठप था। इसके बावजूद स्थायी कर्मचारियों को वेतन एवं लाभ दिया गया। इकाई को बचाने और यूनियन की मांग पर इसे तेलंगाना (हैदराबाद) शिरडी साई इलेक्ट्रिकल लिमिटेड को बेचने का निर्णय लिया गया था। 23 दिसंबर 2019 को दोनों कंपनियों के बीच हस्ताक्षर भी हुआ था।
समझौते को अंतिम रूप दिया गया
बहरहाल, दोनों कंपनियों और यूनियन पदाधिकारियों की उप श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी की उपस्थिति में कई चरणों की वार्ता के बाद शुक्रवार की रात करीब समझौते को अंतिम रूप दिया गया। सभी 218 कर्मचारियों को 7.37 लाख रुपये जीईटी एंड डी इंडिया लिमिटेड द्वारा ड्राफ्ट के रूप में एकमुश्त दी जाएगी। इसमें 2020-21 के बोनस आदि राशियां शामिल होंगी। इसके अलावा कंपनी द्वारा कोई धनराशि देय नहीं होगी।
कैबिनेट से भी कंपनी को बेचने का हुआ था निर्णय
बता दें कि कैबिनेट से भी कंपनी को बेचने का निर्णय हो चुका था। वार्ता में पुरानी कंपनी के मालिक अरुण यादव, नई कंपनी के मालिक विशाल, कर्मचारी नेता अनिल कुमार, आलोक तिवारी, प्रताप नारायण मंगलम आदि शामिल थे।
उप श्रमायुक्त बोले- यह ऐतिहासिक निर्णय है
उप श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी ने कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय है। सभी कर्मचारी पुरानी सेवा शर्तों के साथ रख लिए गए हैं। इस महीने कंपनी के शुरू हो जाने की उम्मीद है। कंपनी के चालू होने पर संविदाकर्मियों को भी रख लिया जाएगा।