Murder mystery : पोल्ट्री फार्म मालिक की मौत की घटना मेंं प्रतापगढ़ पुलिस ने सील किया कमरा
भूपेंद्र सिंह (40) पुत्र शिवभूषण सिंह सोमवार की शाम ससुराल मरुआन गांव में चचेरे ससुर मनोज सिंह के घर आए थे। अगले दिन मंगलवार को सुबह ससुराल से लगभग चार सौ मीटर दूर कर्माजीतपुर गांव में उनका शव पेड़ से लटका मिला था।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में पोल्ट्री फार्म के मालिक भूपेंद्र सिंह की मौत के मामले में पुलिस की जांच में अभी कुछ निकलकर नहीं आया है। जांच कर रही पुलिस ने उस कमरे को सील कर दिया है, जिसमें वह अपने चचेरे ससुर के घर में रुकता था। उधर, नामजद चचेरे ससुर सहित अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन अब तक कोई पकड़ में नहीं आया है।
ससुराल में युवक पेड़ से फंदे पर लटका मिला था शव
बाघराय थाना क्षेत्र के अवतारपुर (बूढ़ेपुर) गांव निवासी पोल्ट्री फार्म के मालिक कुंवर भूपेंद्र सिंह (40) पुत्र शिवभूषण सिंह सोमवार की शाम ससुराल मरुआन गांव में चचेरे ससुर मनोज सिंह के घर आए थे। अगले दिन मंगलवार को सुबह ससुराल से लगभग चार सौ मीटर दूर कर्माजीतपुर गांव में उनका शव पेड़ से लटका मिला था। मौके पर पहुंचीं भूपेंद्र की पत्नी रश्मि और सास सहित स्वजनों ने मनोज व उनके स्वजनों पर भूपेंद्र की हत्या करके शव लटकाने का आरोप लगाया था।
चचेरी साली से था अवैध संबंध, पांच लोगों पर दर्ज है मुकदमा
इस बीच रश्मि सिंह ने कहा है कि उनके पति का चाचा मनोज सिंह की बेटी से अवैध संबंध था। इस वजह से उनके पति अक्सर मनोज सिंह के घर आते-जाते थे और कई बार 15-20 दिन रुक जाते थे। उनके ससुराल न रहने पर मनोज की बेटी कई दिनों तक अवतारपुर में उनके घर रहती थी। उनके पति का आर्थिक शोषण मनोज सिंह व उनका परिवार करता था। ऐसे में उन्हें विश्वास है कि या तो मनोज सिंह के परिवार के लोगों ने उनके पति की हत्या की है या आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। रश्मि की इस तहरीर पर पुलिस ने मनोज सिंह, उनकी पत्नी मुन्नी देवी, बेटी रूबी व रूचि, बेटे आर्यन के लिए साजिश और आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, हालांकि सफलता नहीं मिल सकी है। इस बीच पुलिस ने मनोज सिंह के घर के उस कमरे को सील कर दिया है, जिसमें भूपेंद्र रुकते थे।
प्रभारी एसओ कंधई अंगद राय ने बताया कि आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मनोज सिंह के घर उस कमरे को सील कर दिया गया है, जिसमें भूपेंद्र रुकता था।