कैबिनेट मंत्री नंदी ने कहा-पारदर्शी तरीके से संचालित होगी छात्रवृत्ति योजना Prayagraj News
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी मंडलीय कार्यशाला में शामिल हुए। छात्रवृत्ति योजना को पारदर्शी ढंग से संचालन पर उन्होंने जोर दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयाग संगीत समिति में एक दिवसीय मंडलीय कार्यशाला में मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक कल्याण वक्फ व हज मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना पारदर्शी तरीके से संचालित होगी। कहा कि भारत सरकार की ओर से अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में अगर कोई व्यवधान या समस्या आ रही है तो एनएसपी पोर्टल के सभी पहलुओं से शिक्षण संस्थाओं के छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों को अवगत कराया जाए।
कार्यशाला में ऑनलाइन छात्रवृत्ति योजनाओं के संबंध में दी जानकारी
भारत सरकार की ओर से संचालित अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति के क्रियान्वयन के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) के माध्यम से कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में ऑनलाइन छात्रवृत्ति योजनाओं के संबंध में नोडल अधिकारियों को आवश्यक जानकारी दी गई। इस दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान भी किया गया।
योजना संचालन को नोडल अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारी
कैबिनेट मंत्री नंदी ने कार्यशाला के उद्देश्य को भी बताया। कहा कि योजना को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सभी नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। विशिष्ट अतिथि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक आरपी सिंह ने छात्रवृत्ति योजना के सभी तकनीकी एवं व्यावहारिक बिंदुओं के बारे में बताया। नोडल अधिकारियों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं का निराकरण भी किया।
कार्यशाला में ये विशिष्टजन रहे उपस्थित
शासन के प्रतिनिधि के रूप में अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग के अनु सचिव इच्छाराम, उप निदेशक वाराणसी संजय मिश्रा, उप निदेशक विंध्याचल मंडल विनोद जायसवाल, उप निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण प्रयागराज आरके वर्मा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रतापगढ़ सच्चिदानंद तिवारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी फतेहपुर मुदित श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रयागराज प्रवीण कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी इंद्रसेन सरोज भी मौजूद रहे। उपनिदेशक अल्पसंख्यक विभाग, प्रयागराज शिव प्रकाश तिवारी ने आभार जताया।