डीएल के लिए मारामारी, घंटे भर में स्लाट फुल
ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) की मांग दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। आनलाइन बनाए जा रहे डीएल के लिए लोग सुबह से ही साइट खोलकर बैठ जाते हैं। रोज तीन सौ लोगों का टेस्ट हा ेरहा है।
जासं, प्रयागराज : ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) की मांग दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। हालात यह है कि नया डीएल बनवाने के अगले 60 दिन का स्लाट बुक है।
पहली सितंबर से यातायात के नए नियम लागू होने के बाद डीएल की डिमांड बढ़ी है। डीएल बनवाने की व्यवस्था आनलाइन है। इसके लिए आधार कार्ड, फोटो और हाईस्कूल के अंक पत्र के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होता है। साथ ही फीस भी ऑनलाइन जमा होती है। उसके बाद टेस्ट के लिए स्लाट बुक करना होता है। लेकिन इस दौरान टेस्ट के लिए स्लाट नहीं मिल पा रहा है। अगले दो महीने तक बुकिंग की व्यवस्था है। रोजाना एक दिन का समय बढ़ता है तो लोग सुबह ही अपनी सीट बुक कर ले रहे हैं। सुबह दस बजे बुकिंग की साइट खुलती है और घंटे भर में फुल। अगर आप 11 बजे के बाद पहुंचे तो टेस्ट की डेट मिलना मुश्किल। परिवहन कार्यालय में रोजाना तीन सौ आवेदकों का कंप्यूटर टेस्ट होता है। एआरटीओ सियाराम वर्मा ने बताया कि टेस्ट में यातायात नियमों से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। सात मिनट के टेस्ट में 15 सवाल रहते हैं। इसमें से नौ सवाल हल करने वालों का डीएल बनता है। जो नहीं हल कर पाते हैं, उन्हें टेस्ट के लिए अगली डेट लेनी पड़ती है। अभी पुरानी दरों से चालान
यातायात का नियम तोड़ने पर जुर्माने की राशि केंद्र सरकार ने बढ़ाई है, लेकिन प्रदेश में अब तक यह लागू नहीं हुआ है। अभी भी परिवहन विभाग के अधिकारी पुरानी दरों पर ही कार्रवाई कर रहे हैं।