मोहर्रम पर पैतृक गांव पहुंचे केंद्रीय मंत्री, ताजिया को दिया कांधा Prayagraj News
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी मोहर्रम के अवसर पर सोमवार को अपने पैतृक गांव पहुंचे। सराय ममरेज प्रतापपुर स्थित गांव में करबला जाकर जियारत भी की।
प्रयागराज, जेएनएन। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी मोहर्रम पर सोमवार की सुबह सराय ममरेज, प्रतापपुर स्थित अपने पैतृक गांव भदारी पहुंचे। उन्होंने वहां करबला पहुंच कर अकीदत के साथ जियारत की। साथ ही परंपरागत ढंग से निकलने वाले ताजिया को कांधा दिया।
लोग केंद्रीय मंत्री से मिलने के लिए दिखे आतुर
केंद्रीय मंत्री नकवी अपने पैतृक गांव जब पहुंचे तो उनसे मिलने वालों की काफी भीड़ रही। सभी उनसे मिलने, बातचीत करने और अपनी समस्याओं से उन्हें रूबरू कराने के लिए बेकरार दिखे। नकवी ने लोगों का हालचाल लिया। इसके बाद अन्य लोगों से मुलाकात करने के बाद वह मोहर्रम के पर्व पर परंपरागत ढंग से निकलने वाले तालिया को कांधा दिया। फूल चढ़ाए और शीश नवाए। केंद्रीय मंत्री ताजिया जुलूस के साथ करबला भी पहुंचे।
दो दिवसीय प्रयागराज दौरे पर हैं नकवी, शाम को दिल्ली लौटेंगे
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी अपने दो दिवसीय दौरे पर प्रयागराज आए हैं। नकवी सोमवार सुबह लगभग 11 बजे प्लेन से बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। वहां प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नंदगोपाल गुप्त नंदी तथा शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी ने फूल भेंट कर स्वागत किया। महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भी स्वागत किया। इस मौके पर वसीम अहमद, हमीदा बानो, मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव, संदीप चौहान, कुशाग्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। सोमवार को ही सर्किट हाउस के बाद केंद्रीय मंत्री दायरा शाह अजमल में डॉ. मुस्तफा के घर गए। उन्होंने कई निजी कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया था।
केंद्रीय मंत्री की नसीहत, आमजन की समस्याओं पर ध्यान दें
इसके पूर्व केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रयागराज के पार्टीजनों को नसीहत दी। कहा कि आमजन के बीच जाएं और उनकी समस्याओं के समाधान पर ध्यान दें।