मानसून की बारिश से पूरा शहर सराबोर हुआ Prayagraj News
अभी बारिश बंद होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। लोगों ने रिमझिम का आनंद उठाया। देर शाम शहर काली घटाओं से आच्छादित हो गया।
प्रयागराज,जेएनएन : मानसून की बारिश में पूरा शहर सराबोर हो गया है। कभी रिमझिम तो कभी मध्यम दर्जे की बरसात के चलते पारा जहां धड़ाम हो चला है वहीं उमस भी एकबारगी काफूर हो गई है। इंद्रदेव की यह मेहरबानी शहर से लेकर गांव गिरांव तक राहत का सबब बनी है। अगले 24 घंटों के दौरान भी आसमान से राहत रूपी बूंदे गिरने के आसार हैं।
पिछले सप्ताह तक पारा 44-45 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आ रहा था। पिछले सप्ताह मानसूनी बारिश शुरू होने से पारा धीरे-धीरे नीचे आने लगा। सोमवार आधी रात बाद से बारिश शुरू हुई तो मंगलवार को कुछ घंटे छोड़कर देर रात तक बरसात होती रही। बुधवार सुबह भी यह सिलसिला जारी रहा। अभी बारिश थमने के आसार नहीं दिख रहे हैं। लोगों ने रिमझिम का आनंद उठाया। देर शाम शहर काली घटाओं से आच्छादित हो गया। आसमान में पानी लेकर आए बदरा देखते ही बने। नए यमुना पुल पर सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे और मौसम का आनंद उठाया। इसके पहले सोमवार की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 3.1 कम होकर 29.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम पारा भी 0.9 डिग्री गिरकर 25.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.3 और न्यूनतम पारा 26.8 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग की मानें तो दो दिनों में कुल 163.8 मिमी. बारिश रिकार्ड की गई। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात से मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे तक 117.6 मिमी. बारिश हुई, जबकि आठ बजे से रात तक 46.2 मिमी. बारिश दर्ज हुई।