यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 29, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आई नकली शराब, कर देगी आंख खराब
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : अगर आप शराब पीकर नए साल का जश्न साथ मनाने जा रहे हैं तो जरा संभलकर पिएं।

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : अगर आप शराब पीकर नए साल का जश्न साथ मनाने जा रहे हैं तो जरा संभलकर पिएं। कहीं ऐसा न हो कि आपके हाथ नकली शराब लग जाए और जश्न का मजा खराब हो जाए। बिना जांच परख के शराब का सेवन करना आपकी सेहत के लिए घातक है। इससे आपके आंख की रोशनी तक जा सकती है। बीते साल की तरह इस बार भी नकली शराब की खेप जिले में पहुंच चुकी है। जो तमाम दुकानों और अलग-अलग स्थानों से बिक रही है।
नव वर्ष से पहले से ही शराब की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। शुक्रवार से रविवार के बीच शराब की बिक्री में तीस फीसद तक बढ़ोतरी होने की बात कही जा रही है। ऐसे में शराब माफिया अवैध शराब को खपाने के लिए तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। आबकारी विभाग इस पर कड़ी नजर रख रहा है किंतु बाजार में भिन्न ब्रांडों की अधिक तीव्रता वाली मदिरा मौजूद है। लिहाजा कहीं ऐसा न हो कि आप असली के बजाए नकली शराब खरीदकर सेवन कर लें और जश्न का रंग फीका पड़ जाए। तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल के अक्षीक्षक डॉक्टर आरएस ठाकुर का कहना है कि किसी के लिए भी ईथाइल एल्कोहल की बजाए मिथाइल एल्कोहल का सेवन करना काफी नुकसानदायक है। यह कई बार जानलेवा हो जाती है।
-----------
-नकली शराब से नुकसान-
-पीने के बाद पेट में दर्द की शिकायत बन जाती है।
-मात्रा अधिक हो जाने पर मृत्यु भी हो सकती है।
-लीवर, फेफड़ा आदि खराब हो सकता है।
-आपके आंखों की रोशनी तक जा सकती है।
-----------
-लेते समय रखें सावधानी -
-अधिकृत दुकान से ही करें शराब की खरीदारी।
-निर्धारित मूल्य से कम पर मिलने पर नहीं खरीदें।
-बोतल पर लगे होलोग्राम की कायदे से जांच करें।
-पाउच वाली शराब तो कतई इस्तेमाल नहीं करें।
-पीते वक्त किसी तरह के दर्द पर डॉक्टरी सलाह लें।
