फिर बढ़ने लगा गंगा का जलस्तर
जासं, इलाहाबाद : कुछ दिनों तक स्थिर रहने के बाद गंगा फिर हरकत में आ गई हैं। बीते चौबीस घंटे में गंगा
जासं, इलाहाबाद : कुछ दिनों तक स्थिर रहने के बाद गंगा फिर हरकत में आ गई हैं। बीते चौबीस घंटे में गंगा का जलस्तर सात सेंटीमीटर बढ़ा है। जबकि यमुना का जलस्तर अभी घट रहा है। हालांकि रफ्तार काफी कम है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के पीछे पहाड़ों पर हो रही बारिश को कारण बताया जा रहा है। अभी हालात काबू में हैं किंतु अगर पानी तेजी से बढ़ता है तो फिर मुश्किल खड़ी हो सकती है।
इलाहाबाद में गंगा-यमुना दो बार उफना चुकी हैं। यह तीसरी करवट है, लेकिन इस बार पानी सिर्फ गंगा में बढ़ रहा है। शनिवार को गंगा में सात सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। चूंकि मध्य प्रदेश में बारिश थम गई है सो यमुना अभी शांत हैं। बल्कि उसके जलस्तर में कमी हो रही है। गंगा के जलस्तर बढ़ने के पीछे पहाड़ों की बारिश को कारण बताया जा रहा है। कहा यहां तक जा रहा है कि अगर यह बारिश यूं ही होती रही तो खतरा यहां भी बढ़ सकता है। बहरहाल गंगा में हरकत होते देख कछारी इलाके में रहने वाले फिर से चौकन्ने हो गए हैं। उनका कहना है कि गंगा अचानक उफनाती हैं, इसलिए पहले से सतर्क रहना बेहतर होगा। सिंचाई बाढ़ प्रखंड के अधिशासी अभियंता मनोज सिंह के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे में गंगा का जलस्तर बढ़ा है जबकि यमुना धीमी रफ्तार से घट रही हैं। आने वाले दिनों में सबकुछ पहाड़ की बारिश पर निर्भर है। बारिश बढ़ी तो फिर गंगा का जलस्तर बढ़ता रहेगा।
जलस्तर पर नजर
डेंजर जोन--84.734 मीटर
फाफामऊ--79.050 मीटर
छतनाग --77.390 मीटर
नैनी--77.870 मीटर