आप भी जानें, इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने 11 कुलपति देकर गढ़ी है नई इबारत Prayagraj News
इविवि ने अब तक कुल 10 कुलपति दिए थे। प्रो. जीसी त्रिपाठी बीएचयू के कुलपति बनने वाले इविवि के दूसरे शिक्षक थे। प्रो. जनक पांडेय बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति बने थे।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) के शिक्षाशास्त्र विभाग की पूर्व छात्रा प्रो. कल्पलता पांडेय को जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया का कुलपति नियुक्त किया गया है। इसी के साथ विश्वविद्यालय ने एक नई इबारत गढ़ दी है। अब तक इविवि के 11 शिक्षकों को कुलपति के रूप में नियुक्त किया गया है।
इविवि ने अब तक कुल 10 कुलपति दिए थे
इविवि ने अब तक कुल 10 कुलपति दिए थे। प्रो. जीसी त्रिपाठी बीएचयू के कुलपति बनने वाले इविवि के दूसरे शिक्षक थे। इससे पूर्व प्रो. जनक पांडेय बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति बने थे। संगीत विभाग की अध्यक्ष रहीं प्रो. स्वतंत्र बाला शर्मा मध्य प्रदेश के संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति बनीं फिर प्रो. अविनाश चंद पांडेय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के कुलपति बने। पहले इविवि में शिक्षक रहे प्रो. पीयूष रंजन अग्रवाल पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति बने थे। अब वह एपीएस यूनिवर्सिटी रीवां में कुलपति हैं।
इनकी हुई है नियुक्ति
इसी प्रकार बायो टेक्नोलॉजी के शिक्षक प्रो. डीके गुप्ता को झारखंड में जय प्रकाश यूनिवर्सिटी का कुलपति नियुक्त किया गया। इसके बाद प्रो. एमपी दुबे राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति बनाए गए थे। भौतिक विज्ञान के शिक्षक प्रो. राजाराम यादव को पूर्वांचल विवि के कुलपति का दायित्व मिला। रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. राणा कृष्णपाल को शकुंतला देवी पुनर्वास विवि का कुलपति बनाया गया। इसके बाद इविवि के गृह विज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रो. संगीता श्रीवास्तव को प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विवि का कुलपति नियुक्त किया गया।
प्रो. कल्पलता ने इविवि से डीफिल की उपाधि लिया था
अब काशी विद्यापीठ वाराणसी के शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त प्रो. कल्पलता पांडेय को जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया का कुलपति नियुक्त किया गया है। प्रो. कल्पलता ने इविवि के शिक्षाशास्त्र विभाग से एमएड की पढ़ाई की और यहीं से डीफिल की उपाधि ली थी।