जिन्ना मुद्दे पर योगी गरम, महेंद्रनाथ नरम
जिन्ना के मुद्दे से बचते रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय
अलीगढ़ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने भले ही जिन्ना प्रकरण पर पुलिस-प्रशासन को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हों, मगर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय नरम नजर आए और जिन्ना से संबंधित सवालों से बचते रहे। उन्होंने अपनी बात कहते हुए जिन्ना प्रकरण को सिर्फ अप्रासंगिक करार दिया। कहा, ऐसे विषयों पर समय बर्बाद न करें, बल्कि राष्ट्रीय एकता के लिए सभी जुट जाएं।
अतरौली तहसील में ब्राह्माण सम्मेलन में शामिल होने से पहले प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाडेय यहां पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाऊस में कुछ देर रुके। पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्राचीन समय से यह देश अखंड भारत था। मोहम्मद अली जिन्ना का जो प्रकरण पूरे देश में उछला है, उसने देश को बहुत कष्ट दिया है। देश को बर्बाद करने का काम किया है। बंटवारे के समय हिंदू, मुस्लिम, सिख व इसाई सभी वगरें को भारी नुकसान हुआ है। इस देश का नाम लाल बहादुर शास्त्री, चौधरी चरण सिंह, बाबू जगजीवन राम व अटल बिहारी वाजपेई जैसे नेताओं ने बढ़ाया है। अब पूरी दुनिया में पीएम मोदी भारत को आगे ले जाने का कार्य कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी से अपील की कि जिन्ना जैसे अप्रासंगिक विषयों पर समय न बर्बाद किया जाए, बल्कि भारत को मजबूत राष्ट्र बनाए जाने के लिए सहयोग करें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस देश को सशक्त बनाने में केंद्र, प्रदेश सहित सभी समाज का सहयोग है। यह पूछे जाने पर कि आपकी पार्टी के ही सासद ने जिन्ना की तस्वीर का मुद्दा उठाया आप इसे अप्रासंगिक बता रहे हैं तो प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाडेय चुप्पी साध गए। बातचीत से पहले प्रदेश अध्यक्ष ने सांसद सतीश गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष देवराज सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत आदि के साथ बातचीत की।