महासंग्राम के लिए तैयार रहें कार्यकर्ता : राकेश
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : ब्राजील निर्मित 9एमएम की विदेशी पिस्टल खरीदने के आरोप में जेल में ब
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : ब्राजील निर्मित 9एमएम की विदेशी पिस्टल खरीदने के आरोप में जेल में बंद पूर्व सपा विधायक ठा. राकेश सिंह 38 दिन बाद शुक्रवार को जमानत पर रिहा हो गए। उन्हें लखनऊ एसटीएफ ने 26 फरवरी को घर से गिरफ्तार किया था। दो अप्रैल को हाईकोर्ट से उनकी जमानत मंजूर हुई थी। रिहा होते ही पूर्व विधायक ने पार्टी के जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से कहा कि लोकतांत्रिक दायरे में महासंग्राम के लिए तैयार रहें। कहा, भाजपा सरकार के दबाव में निर्दोष सपाइयों को जेल भेजा जा रहा है। इतिहास गवाह है कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सबसे ज्यादा समाजवादी ही जेल में रहे हैं। उन्होंने पुलिस पर हिरासत के दौरान यातनाएं देने के आरोप लगाए।
राकेश सिंह ने कहा कि वह जेल जाने से नहीं डरते। सपा छात्रसभा जिलाध्यक्ष रंजीत चौधरी के खिलाफ साजिशन मामला दर्ज किया गया। भाजपा की घटिया सोच को जनता जान चुकी है। फूलपुर व गोरखपुर में जैसे सपा ने परचम लहराया है, वैसे ही लोकसभा चुनाव में भी साइकिल दौड़ेगी। रिहाई का श्रेय पार्टी मुखिया अखिलेश यादव को देते हुए कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने भी हौसला बढ़ाया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख गिरीश यादव, भानुप्रताप सिंह, डॉ. विनोद सविता, जिला महासचिव कुंवर बहादुर सिंह बघेल, मनोज यादव, राजेश सैनी, ऋषिपाल सिंह गोगाजी, संजय सिंह, अजय चौधरी, सुभाष बाबू, अशोक कुमार सिंह, मोहम्मद सालिम आदि मौजूद रहे।
इनसर्ट
बहनों ने खेली होली, फफक पड़े राकेश
अलीगढ़ : एटा जेल से सुबह 8:30 बजे रिहाई के बाद कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से लाद दिया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें गुलाल भी लगाया। कहा, आपके जेल में होने से हमने होली नहीं मनाई। हमारे लिए आज ही होली है। कारों के लंबे काफिले के साथ 'शक्ति-प्रदर्शन' करते लौटे राकेश का कई जगह स्वागत भी हुआ। 63 किमी का सफर आठ घंटे में तय कर सके। राकेश जब घर पहुंचे तो मां, बहन, बीवी-बच्चों को देखकर फफक पड़े। मां व बहन भी बिलख पड़ीं। जिला पंचायत सदस्य पत्नी डॉ. नीतू सिंह ने तिलक लगाया व आरती उतारी। बहनों ने गुलाल भी लगाया।