अलीगढ़ में महिलाएं बोलीं, पुलिस चलवा रही चकला घर, घेरा थाना
अलीगढ़ : सासनीगेट क्षेत्र के अवतार नगर में चकलाघर को लेकर रोष अभी थमा नहीं है।
अलीगढ़ : सासनीगेट क्षेत्र के अवतार नगर में चकलाघर को लेकर रोष अभी थमा नहीं है। पुलिस कार्रवाई पर स्थानीय महिलाएं भड़की हुई हैं। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस संरक्षण में चकला घर चल रहा है। कार्रवाई करने के बजाए उल्टे पुलिस शिकायत करने वालों को ही झूठे मुकद्दमे लगाकर बंद कर रही है। आक्रोशित 25-30 महिलाएं सासनीगेट थाने में आ धमकी और हंगामा करने लगीं। महिलाओं का कहना था कि पुलिस चकलाघर तो बंद नहीं करा पाई, बेकसूर लोगों को शांतिभंग में पाबंद कर दिया। इनका कहना है कि मुहल्ले में एक दबंग महिला बाहरी लोगों व महिलाओं को बुलाकर बुरा काम कराती है। चकला घर में आने वाले बाहरी लोग अक्सर शराब पीकर नशे में मुहल्ले की महिलाओं व बच्चियों से छेड़छाड़ करते हैं। चकलाघर का कई बार लोगों ने विरोध किया है लेकिन दबंग महिला कहती है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है। दो दिन पहले महिला व एक बाहरी युवक ने वहां से गुजर रही लड़की को घर में खींच लिया। उसके शोर मचाने पर मुहल्ले के लोग पहुंचे तो महिला व उसके परिजनों ने मारपीट की। जान से मारने की नीयत से तमंचे से फाय¨रग की। सासनीगेट पुलिस ने महिला का ही पक्ष लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस चकला घर चलाने वालों को संरक्षण दे रही है। पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने बताया कि महिलाओं को कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया गया है। मौके पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है।