एमएलसी चुनाव 2026: हैरान करने वाली है आधी आबादी की भागीदारी, अलीगढ़ में पुरुषों से 9066 कम महिलाएं
अलीगढ़ में विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से काफी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
एमएलसी मतदाता सूची में पुरुषों से 9066 कम महिलाएं
कुल मतदाताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत
महिला मतदाताओं को जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। आधी आबादी की भागीदारी की बात भले ही हर क्षेत्र में होती हो, लेकिन विधान परिषद के स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में महिलाएं पुरुषों से काफी पीछे हैं। जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से 9066 अधिक है।
मतदाता बनने के आंकड़े बताते हैं कि इन दोनों क्षेत्रों में महिलाओं की हिस्सेदारी अभी 40 प्रतिशत के आसपास ही है। ऐसे में महिला मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए जागरूकता बढ़ाने की जरूरत सामने आती है।
दोनों मतदाता सूची में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 40 फीसद
जिला प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 39141 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 23183 पुरुष और 15958 महिलाएं हैं। यानी यहां पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से 7225 अधिक है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में महिलाओं की तुलना में पुरुषों की संख्या करीब डेढ़ गुना है। यह अंतर बताता है कि मतदाता बनने के मामले में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की गुंजाइश है।
7047 मतदाता में 2603 महिलाएं
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी तस्वीर इससे अलग नहीं है। यहां कुल 7047 मतदाता हैं। इनमें 4444 पुरुष व 2603 महिलाएं शामिल हैं। इस क्षेत्र में भी पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से 1841 अधिक है। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में महिलाओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले कम बनी हुई है।
एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट ने बताया कि चुनाव को लेकर मतदाता सूची तैयार कर ली गई है। 23 अक्टूबर को जिले में मतदान होगा। एक दिन पहले पोलिंग पार्टियों की रवानगी होगी।
46 हजार मतदाताओं में 18 हजार महिलाएं
दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर जिले में कुल 46188 मतदाता हैं। इनमें 27627 पुरुष व 18561 महिलाएं हैं। इस तरह कुल मतदाताओं में पुरुषों की हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत और महिलाओं की लगभग 40 प्रतिशत है। पुरुषों और महिलाओं के बीच 9066 मतदाताओं का अंतर है। यह केवल संख्या का अंतर नहीं, बल्कि मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत की ओर भी संकेत करता है।
यह भी पढ़ें- कैसे होगा MLC चुनाव? किस उंगली पर लगेगी स्याही और मतपत्र पर मुहर, आगरा DM मनीष बंसल ने दी ट्रेनिंग
यह भी पढ़ें- कैसे होगा MLC चुनाव? किस उंगली पर लगेगी स्याही और मतपत्र पर मुहर, आगरा DM मनीष बंसल ने दी ट्रेनिंग
स्नातक क्षेत्र में 48, शिक्षक में 19 मतदेय स्थल
मतदान की तैयारियों के तहत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 37 मतदान केंद्र व 48 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 19 मतदान केंद्र और 19 मतदेय स्थल हैं। अब चुनौती मतदान की व्यवस्थाओं के साथ पात्र महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने व उन्हें पंजीकरण के प्रति जागरूक करने की भी है।
