सिविल लाइन समेत 27 थानों में खुलीं महिला हेल्पडेस्क
मिशन शक्ति अभियान में सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया वर्जुअल शुभारंभ।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के संकल्प को लेकर शुरू किए गए मिशन शक्ति अभियान में शुक्रवार को प्रदेश भर के साथ जिले के 27 थानों में महिला डेस्क खुल गईं। चयनित 20 थानों में महिला डेस्क का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल शुभारंभ किया। सिविल लाइन थाने में आयोजित समारोह में हेल्पडेस्क का सीएम ने उद्घाटन किया। अभियान में महिला उत्पीड़न व उनसे जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के साथ ही उन्हें जागरूक भी किया किया जा रहा है। पुलिस विभाग इसमें प्रमुख भूमिका निभा रहा है। प्रत्येक थाने में महिला कर्मियों की तैनाती कर हेल्पडेस्क स्थापित की गई है। सभी थानों में पहले से ही महिला हेल्पडेस्क हैं। मिशन शक्ति में इन्हें अधिक प्रभावी बनाया गया है। सिविल लाइन के साथ क्वार्सी, देहलीगेट, बन्नादेवी, सासनीगेट, कोतवाली, गांधीपार्क, महिला थाना समेत जिले के सभी थानों में हेल्पडेस्क खोली गई हैं।
सिविल लाइन थाने में हुए कार्यक्रम में सांसद सतीश गौतम, विधायक दलवीर सिंह, रवेंद्रपाल सिंह, संजीव राजा, अनिल पाराशर, आइजी पीयूष मोर्डिया, कमिश्नर जीएस प्रियदर्शी, डीएम चंद्रभूषण सिंह, एसएसपी मुनिराज, एसपी सिटी अभिषेक कुमार, एसपी क्राइम डॉ. अरविद कुमार, एसपी देहात शुभम पटेल, एसपी ट्रैफिक सतीश चंद्र, सीओ सिविल लाइन अनिल समानिया, इंस्पेक्टर रविद्र कुमार दुबे, प्रभारी महिला पॉवर सेल स्मृति गौतम आदि मौजूद रहे।
गरीब कन्याओं ने किया शुभारंभ
गांधीपार्क थाने में महिला हेल्पडेस्क का शुभारंभ इंस्पेक्टर मणिकांत शर्मा ने इलाके की गरीब बेटियों से फीता कटवाकर शुभारंभ किया। इस अनूठी पहल का सभी ने स्वागत किया।
.......
महिला हित में निर्णय सराहनीय
बन्नादेवी थाने में हेल्पडेस्क का शुभारंभ पूर्व मेयर शकुंतला भारती ने किया। पूर्व मेयर ने कहा कि नारी को व्यवहारिक जीवन में भी शक्ति के रूप में प्रस्तुत कर सके इस भाव को आगे बढ़ाने के लिए सीएम योगी का निर्णय बेहद सराहनीय है। यहां इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा, इंस्पेक्टर देहलीगेट आशीष कुमार, भाजपा महानगर महामंत्री वैभव गौतम आदि मौजूद थे।
महिलाओं को मिलेगी सुरक्षा
खैर थाने में महिला हेल्पडेस्क व आगंतुक कक्ष का पूर्व ब्लॉक प्रमुख टप्पल शशि सिंह ने समाजसेवी महिलाओं के साथ शुभारंभ किया। भाजपा नेता शशि सिंह ने कहा कि सीएम की पहल सराहनीय है। यहां सीओ खैर मोहसीन खान, इंस्पेक्टर खैर आरके सिंह, प्रधानाचार्य शशि शर्मा, सुनीता चौधरी आदि मौजूद थे।
स्टेशन पर मेरी सहेली अभियान
आरपीएफ के मिशन शक्ति अभियान में शुरू किए गए मेरी सहेली कार्यक्रम में ट्रेन में अकेले सफर कर रहीं महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। किसी भी तरह की मदद के लिए हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई।
.......
बेटी पढ़ेगी तभी तरक्की करेगा देश और परिवार
जासं, अलीगढ़ : जापान हाउस स्थित उप श्रमायुक्त कार्यालय में मिशन शक्ति अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। उप श्रमायुक्त राजेश कुमार सिंह ने महिलाओं व श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। बेटियों की शिक्षा पर जोर दिया। कहा, बेटी पढ़ेगी तो देश के साथ परिवार भी तरक्की करेगा।
सहायक श्रमायुक्त बीएम शर्मा ने कहा कि अभियान से बालिकाओं को सशक्त बनाना है। महिला सशक्त होगी तभी समाज सशक्त होगा। जब तक बहन-बेटियों को पुरुषों के समान नहीं समझा जाएगा, तब तक सही मायने में समाज तरक्की नहीं कर सकता।
उड़ान सोसायटी की सुचिता चौधरी ने कहा कि जब नारी अपने निर्णय स्वयं लेने लगे, अपनी मदद खुद कर पाए, किसी से सहायता न मांगे, खुद इस काबिल हो जाए कि अपनी बातों को कह सके, तभी महिलाएं वास्तविक रूप में स्वावलंबी बन पाएंगी। कार्यशाला में पंजीकृत महिला/श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत हित लाभ स्वीकृति प्रमाण-पत्र बांटे गए। कार्यालय में श्रमिकों के मुफ्त पंजीयन व पूर्व से पंजीकृत के नवीनीकरण के लिए कैंप भी लगाया गया। संचालन डॉ. मोहम्मद हारून, ने किया। कार्यशाला में श्रम प्रवर्तन अधिकारी हिमांशु अग्रवाल, जितेंद्र सिंह, आरएस राठौर व मनोज कुमार, आरती अग्रवाल, उदयवीर सिंह, राजीव सक्सैना, कपूर चंद्र, शिखा रंजन सक्सेना आदि मौजूद थे।
.......
मजदूरों के लिए मुफ्त पंजीकरण
भवन निर्माण से जुड़े श्रमिकों के मुफ्त पंजीकरण किए जा रहे हैं। नवीनीकरण का भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि 18 से 60 आयु वर्ग के निर्माण श्रमिकों के पंजीयन व पहले से पंजीकृत श्रमिकों के नवीनीकरण की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है। श्रमिक बिना पंजीकरण के सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले सकते हैं।