विधानसभा चुनाव के साथ अलीगढ़-हाथरस के 3540 जनप्रतिनिधि चुनेंगे नया एमएलसी
प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। इसी बीच स्थानीय निकाय चुनाव की भी घोषणा हो चुका है। जिसका परिणाम विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद आएगा। इस चुनाव में अलीगढ़- हाथरस के 3540 प्रतिनिधि मतदान करेंगे।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। विधानसभा (विस) चुनाव के बीच में ही अलीगढ़-हाथरस में स्थानीय निकाय कोटे के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के लिए घमासान शुरू हो जाएगा। शुक्रवार शाम को निर्वाचन विभाग ने एमएलसी चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। अलीगढ़ कलक्ट्रेट में चार फरवरी से नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत होगी। तीन मार्च को मतदान होगा। दोनों जिलों में करीब 30 बूथ बनाए जा रहे हैं। अलीगढ़ स्थानीय प्रधिकारी सीट के लिए अलीगढ़ व हाथरस जिले के 3540 जनप्रतिनिधि मतदान करेंगे। इनमें ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, नगर निकायों के अध्यक्ष, सभासद, पार्षद, विधायक व सांसद मतदाता शामिल हैं। अलीगढ़-हाथरस समेत प्रदेश में स्थानीय निकाय कोटे के 36 एमएलसी हैं।
सात मार्च को खत्म हो रहा कार्यकाल
निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक वर्ष 2016 में 30 जनवरी को एमएलसी चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी हुआ था और तीन मार्च को चुनाव हुए थे। सात मार्च को शपथ ग्रहण हुआ था। एमएलसी का कार्यकाल छह साल का होता है। ऐसे में सात मार्च को एमएलसी का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इसी को देखते हुए निर्वाचन विभाग ने अब एमएलसी चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है । इसमें अलीगढ़ एमएलसी की अलीगढ़ स्थानीय प्राधिकरण सीट के लिए अलीगढ़-हाथरस जिले के मतदाता मतदान करते हैं। प्रदेश भर में दो चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। इसमें अलीगढ़ सीट पर पहले चरण में चुनाव हो रहा है।
काफी समय से बिछाई जा रही हैं गोटियां
अलीगढ़ सीट से फिलहाल सपा के जसवंत सिंह यादव एमएलसी हैं। चुनाव की संभावना को देखते सभी राजनीतिक दलों ने पिछले काफी समय पहले ही तैयारियां शुरू कर दी थी। सत्ताधारी भाजपा में भी अंदरखाने दावेदार सक्रिय हैं। कांग्रेस, सपा व बसपा में भी लोग लगे हुए हैं। लगातार तीन बार इस सीट पर चुनाव लड़ चुके लोकदल के अध्यक्ष व पूर्व एमएलसी सुनील सिंह भी तैयारियों में लगे हुए हैं। अब कौन-कौन चुनावी मैदान में उतरता है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
अलीगढ़ कलक्ट्रेट में होंगे नामांकन
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि अलीगढ़-हाथरस एमएलसी के लिए अलीगढ़ कलक्ट्रेट में नामांकन की प्रक्रिया होगी। वहीं, मतदान दोनों के लिए अलग-अलग बूथों पर होगा। इसके बाद कलक्ट्रेट में ही नामांकन पत्रों को जमा कराया जाएगा। मतगणना का काम भी यहीं पर होगा।
यह रहेगा चुनाव में कार्यक्रम
कार्यक्रम का वितरण, तिथि
निर्वाचन की अधिसूचना, चार फरवरी
-नामांकन की अंतिम तिथि, 11 फरवरी
नामांकन पत्रों की जांच, 14 फरवरी
नाम वापसी का समय, 16 फरवरी
मतदान, तीन मार्च सुबह आठ से शाम चार बजे
मतगणना, 12 मार्च
मतदाताओं की जिलेवार संख्या
अलीगढ़
मेयर, 01
नगर पालिका अध्यक्ष,02
नगर पंचायत अध्यक्ष, 09
नगर निगम पार्षद, 70
नगर पालिका सदस्य,50
नगर पंचायत सदस्य,104
जिला पंचायत सदस्य, 47
क्षेत्र पंचायत सदस्य,1156
ग्राम प्रधान,867
विधायक,07
सांसद,01
हाथरस
नगर पालिका अध्यक्ष,02
नगर पालिका सदस्य,54
नगर पंचायत अध्यक्ष,07
नगर पंचायत सदस्य,84
जिला पंचायत सदस्य,24
सदस्य क्षेत्र पंचायत,599
ग्राम प्रधान,463
विधायक,03
सांसद,01
इनका कहना है
एमएलसी चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। अलीगढ़-हाथरस सीट के लिए कुल 3540 प्रतिनिधि मतदान करेंगे। नामांकन की प्रक्रिया अलीगढ़ कलक्ट्रेट में संपन्न होगी। चुनावी तैयारियों शुरू हो गई हैं।
कौशल कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी