पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी सर्दी, मैदानों में सुबह और शाम ठंड, सेहत को लेकर बरतें सावधानी
पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते मैदानों का मौसम भी बदल गया है। दिन व रात के तापमान में अंतर भी बढ़ने लगा है। दिन में सूर्य के तेज से मौसम गरम रहता है तो रात में ठंडक हो जाती है।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते मैदानों का मौसम भी बदल गया है। दिन व रात के तापमान में अंतर भी बढ़ने लगा है। दिन में सूर्य के तेज से मौसम गरम रहता है तो रात में ठंडक हो जाती है। चिंता की बात ये है कि काफी लोगों की दिनचर्या व रहन-सहन पहले जैसा ही है। ऐसे में ठंड लगने से उनके सर्दी, खांसी, जुकाम व वायरल बुखार की चपेट में आने की आशंका है। विशेषज्ञों ने लोगों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है।
बच्चों को ठंड से अधिक खतरा
वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डा. विकास मेहरोत्रा ने बताया कि मौसम में बदलाव के समय सावधानी न बरतें तो सेहत बिगड़ने का पूरा खतरा रहता है। सर्दी, खांसी, जुकाम, गला खराब, वायरल संक्रमण का खतरा है। ठंड लगने से बच्चे निमोनिया व कोल्ड डायरिया की चपेट में आ सकते हैं। इसलिए बच्चे हों बड़े, मौसम के अनुसार खुद को बदलते रहें। आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक व अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सेवन न करें। रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण बच्चों के ठंड की चपेट में आने की आशंका अधिक होती है। इससे बचने के लिए बच्चों को हल्के गर्म कपड़े पहनाना शुरू कर दें। जैसे-जैसे सर्दी बढ़े, गर्म पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाएं।
बुजुुर्ग व मरीजों का रखे ध्यान
सीएमअो डा. आनंद उपाध्याय ने बताया कि सर्दी का मौसम दमा, ब्लड प्रेशर, ह्रदय व अन्य रोगियों के लिए काफी खतरनाक होता है। बुजुर्गों को भी परेशानी होती है। इसलिए अभी से सावधानी बरतना शुरू कर दें। सर्दी महसूस होते ही भपारा लें। गर्म पानी का सेवन करें। यह सर्दी का सबसे अच्छा उपचार है। अन्य समस्या होने पर नजदीकी सरकारी अस्पतालों या स्वास्थ्य केंद्रों पर संपर्क करें। यहां उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है।
ये रखें ध्यान
- – सुबह व रात की ठंड से बचें।
- – गर्म कपड़े पहनें।
- – गर्म पानी का सेवन करें।
- - गर्म भोजन खाएं।
- अब ठंडी चीजों का इस्तेमाल बंद कर दें।
- – सर्दी-जुकाम होने पर चिकित्सक की सलाह लें।
- - हमेशा मास्क लगाकर घर से बाहर निकलें।