विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हार्ट अटैक ही नहीं, वेंट्रिकुलर टैकीकार्डिया भी बन रहा जानलेवा; युवाओं में टेंशन के कारण दिख रहे लक्षण

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:13 AM (IST)

अलीगढ़ में कम उम्र के लोगों में वेंट्रिकुलर टैकीकार्डिया के मामले बढ़ रहे हैं, जिससे कार्डियक अरेस्ट का खतरा है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। हृदय रोग अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रहा। कम उम्र में भी हृदय की गंभीर बीमारियां सामने आ रही हैं। 30 से 40 वर्ष की आयु के लोगों में हार्ट के साथ वेंट्रिकुलर टैकीकार्डिया के मामले भी अब चिंता बढ़ा रहे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह ऐसी स्थिति है, जिसमें हृदय के निचले हिस्से (वेंट्रिकल) की धड़कन असामान्य रूप से तेज हो जाती है। इससे हृदय की रक्त पंप करने की क्षमता प्रभावित होती है और गंभीर स्थिति में अचानक कार्डियक अरेस्ट हो जाता है।

हार्ट एंड चेस्ट हास्पिटल के एमडी डा. हर्षदीप सिंघल का कहना है कि ऐसे मामले विशेष रूप से हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज के मरीजों के साथ उन लोगों में अधिक देखने को मिलते हैं, जिनके परिवार में पहले से हृदय रोग का इतिहास रहा है।

अनियमित खानपान, अत्यधिक भोजन के बाद ब्लड शुगर बढ़ना और लगातार मानसिक तनाव भी हृदय पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। इसके अलावा वायु प्रदूषण भी हृदय संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ाने वाले कारकों में शामिल है। दीपावली के बाद प्रदूषण मानक से कई गुना अधिक बढ़ चुका है, जो ऐसे मरीजों के लिए खतरनाक है।

डॉ. सिंघल के कई बार लोग सीने में हल्के दर्द, धड़कन तेज होने या सांस फूलने जैसे लक्षणों को सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। यही लापरवाही गंभीर स्थिति का कारण बन सकती है।

खासकर कम उम्र के लोगों को ऐसे संकेतों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। समय पर ईसीजी और अन्य जरूरी जांच के माध्यम से समस्या की पहचान कर उपचार शुरू किया जा सकता है। सामान्यत: 30 वर्ष की आयु के बाद नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी है।

हृदय को सुरक्षित रखने के लिए बरतें ये सावधानियां

  • सीने में हल्का दर्द, दबाव या बेचैनी को हल्के में न लें।
  • थोड़ी मेहनत में सांस फूलना या अचानक धड़कन तेज होने पर जांच कराएं।
  • बीपी और शुगर लेवल की नियमित जांच कराएं और डाक्टर की सलाह से दवाएं लें।
  • परिवार में कम उम्र में हृदय रोग या अचानक मृत्यु का इतिहास हो तो डाक्टर से परामर्श लें।
  • अधिक नमक, चीनी, तला-भुना और अत्यधिक भोजन से बचें।
  • पर्याप्त नींद लें और तनाव कम करने के उपाय अपनाएं।
  • तंबाकू और सिगरेट हृदय रोग का जोखिम बढ़ाते हैं।
  • अधिक प्रदूषण वाले समय में बाहर जाने या व्यायाम करने से बचें।
  • बेहोशी, तेज सीने का दर्द या सांस लेने में गंभीर परेशानी होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।