दीपावली-छठ पर वंदे भारत स्लीपर से दिल्ली-वाराणसी का सफर, अभी भी मिल रहे टिकट; घर जाने वालों को राहत
नई दिल्ली से वाराणसी के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 2 नवंबर से शुरू हो रही है, जिससे दीपावली और छठ पर घर जाने वालों को राहत मिलेगी।

HighLights
2 नवंबर से दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर शुरू।
दीपावली-छठ के लिए 3 नवंबर को टिकट उपलब्ध।
अलीगढ़ होते हुए चलेगी, यात्रा को बनाएगी सुगम।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। दीपावली और छठ आने वाला है। वाराणसी और उसके सीमावर्ती बिहार राज्य के जिले में आपका घर है और स्वजन के साथ त्योहार मनाना है, लेकिन ट्रेन में टिकट नहीं मिल रहा है। ऐसे में आपके लिए काम की खबर है। दो नवंबर से नई दिल्ली से वाराणसी के लिए शुरू होने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में एक दिन बाद यानी तीन नवंबर का ही टिकट मिल रहा है।
इसमें रविवार की रात 10 बजे तालानगरी से बाबा विश्वनाथ की नगरी (काशी) के लिए द्वितीय और तृतीय श्रेणी कोच में क्रमश 100 और 400 सीट रिक्त रही। तृतीय श्रेणी एसी स्लीपर 1,590 रुपये है जबकि द्वितीय श्रेणी एसी के लिए 2,050 रुपये और प्रथम श्रेणी के लिए 2,515 रुपये टिकट है। अब आप आनलाइन भी टिकट बुक कराईये और घर जाने के लिए तैयार हो जाइये। खास बात ये है कि छठ 14/15 नवंबर को मनाया जाएगा। हालात ये है कि, अन्य ट्रेनों में 14 नवंबर तक वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहा है।
दीपोत्सव को लेकर चहुंओर उमंग और उत्साह का वातावरण है। लेकिन महानगरों में रहने वाले लोगों को घर जाने के लिए ट्रेनों में टिकट नहीं मिल रहा है। इसके चलते लोग परेशान हैं।
सर्वाधिक परेशानी पूर्वांचल के वाराणसी और उसके सीमावर्ती बिहार के विभिन्न जनपदों में रहने वाले लोगों की है। बिहार के अधिकांश लोगों का छठ का महापर्व अपने घर पर मनाने की परंपरा है। हालांकि, ट्रेनों में टिकट नहीं मिल रहा है।
ट्रेनों में जनरल कोच जैसी स्थिति स्लीपर क्लास की हो गई। ऐसे में देश की राजधानी दिल्ली से बाबा विश्वनाथ की नगरी (काशी) तक आने-जाने के लिए वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस उनके आवागमन को सुगम और आरामदायक बनाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन 27422 दिल्ली से शुक्रवार को नहीं चलेगी और ट्रेन 27421 वाराणसी से शनिवार को नहीं आएगी।
यह है ट्रेन का समय
ट्रेन रात 9:40 बजे नई दिल्ली से चलेगी, गाजियाबाद रुकते हुए रात 11:20 बजे अलीगढ़ जंक्शन पहुंचेगी। दो मिनट बाद वाराणसी के लिए रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज में सुबह 5:05 बजे पहुंचेगी। यहां से पांच मिनट रुकने के बाद वाराणसी जंक्शन सुबह 7:10 बजे पहुंचेगी।
वाराणसी से रात 8:50 बजे वाराणसी से चलेगी, लगभग ढाई घंटे में प्रयागराज पहुंचेगी। यहां से कानपुर सेंट्रल पर रुकते हुए रात 3:55 बजे अलीगढ़ जंक्शन पहुंचेगी। दो मिनट बाद गाजियाबाद के लिए रवाना होगी। सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
संगम में स्नान, हाईकोर्ट और बाबा विश्वनाथ के दर्शन में सहूलियत: वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन का समय ऐसा है कि एक दिन में ही आप संगम में स्नान और काशी की धरती पर बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर अपने घर पहुंच सकते हैं।
रात में 11:22 बजे तालानगरी से चलने वाली ट्रेन प्रयागराज में सुबह 5:05 बजे पहुंच सकते हैं और संगम में स्नान के बाद सड़क या ट्रेन के माध्यम से काशी विश्वनाथ धाम पहुंच सकते हैं।
वहां से रात 8:50 बजे ट्रेन में सवार होकर सुबह चार बजे से पहले ट्रेन से तालानगरी जंक्शन पर उतर सकते हैं। इसके साथ ही हाईकोर्ट में अपने कार्य के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।