विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की मेघना चौधरी संग सगाई, सियासत के दिग्गजों का तालानगरी में जमावड़ा

By Surjeet Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 14 Nov 2026 07:30 PM (IST)

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह की सगाई समारोह अलीगढ़ के तालानगरी में भव्यता से संपन्न ...और पढ़ें

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, मंगेतर मेघना चौधरी के सगाई समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्वतंत्र देव सिंह व अन्य।

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, मंगेतर मेघना चौधरी के सगाई समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्वतंत्र देव सिंह व अन्य।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। तालानगरी का मैदान शनिवार को किसी शाही महफिल से कम नजर नहीं आया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह के परिवार में दो मांगलिक आयोजनों की खुशियां थीं तो दूसरी ओर प्रदेश की राजनीति के दिग्गजों का जमावड़ा।

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह व मंगेतर मेघना चौधरी के साथ ही छोटे भाई सौरभ सिंह व अंतरा त्यागी की रिंग सेरेमनी में शामिल होने के लिए सुबह से ही मेहमानों का पहुंचना शुरू हो गया। करीब सौ बीघा क्षेत्र में सजे भव्य पंडाल में कहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम थी तो कहीं मेहमानों के स्वागत व खानपान का शाही इंतजाम।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी समारोह में पहुंचकर दोनों जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने मेहमानों के बीच पहुंचकर आत्मीय अंदाज में संबोधन किया तो पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही तालानगरी के मैदान का नजारा बदला हुआ था। आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रवेश द्वारों पर जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा था। सुबह 11 बजे से मेहमानों का पहुंचना शुरू हुआ।

सबसे पहले आमंत्रित लोगों के लिए तैयार किए गए सेरेमनी हाल में दावत का सिलसिला शुरू हुआ। यहां करीब 50 तरह के व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। एक-एक हजार लोगों के बैठने के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए थे। बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन का आनंद लिया। दूसरी ओर मुख्य समारोह स्थल पर अतिथियों के स्वागत व कार्यक्रम की तैयारियां पूरी थीं।

Sandeep Singh

दोपहर करीब 12 बजे से मुख्य समारोह में अतिथियों का पहुंचना तेज हो गया। बड़ी संख्या में आमंत्रित लोग मैदान में जुटने लगे। हालांकि मुख्य हाल में प्रवेश केवल पासधारकों को ही दिया जा रहा था। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। राधा-कृष्ण के रूप में सजे कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। संगीत व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच समारोह का माहौल धीरे-धीरे उत्सव में बदल गया।

इसी खुशनुमा माहौल में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह व उनके छोटे भाई सौरभ सिंह को मंच पर लाया गया। संगीत की धुन व तालियों के बीच दोनों भाइयों का स्वागत हुआ। इसके बाद संदीप सिंह की मंगेतर व गौड़ा निवासी मेघना चौधरी को मंच पर आमंत्रित किया गया। मेघना के पहुंचते ही पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। इसके बाद सौरभ सिंह की मंगेतर व सहारनपुर निवासी अंतरा त्यागी मंच पर पहुंचीं।

दोनों जोड़ों के मंच पर आने के बाद रिंग सेरेमनी की रस्म शुरू हुई। संदीप सिंह ने मेघना चौधरी को अंगूठी पहनाई तो वहीं सौरभ सिंह ने अंतरा त्यागी को अंगूठी पहनाकर जीवन के नए सफर की शुरुआत का संकेत दिया। इस दौरान परिवार के सदस्यों व अतिथियों ने तालियां बजाकर दोनों जोड़ों का उत्साह बढ़ाया।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पत्नी राजवती देवी, पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, प्रेमलता वर्मा समेत वर-वधू पक्ष के परिजनों ने दोनों जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद करीब एक घंटे तक मंच पर बधाई व फोटो खिंचवाने का सिलसिला चलता रहा। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पत्नी राजवती देवी ने भी दोनों नातियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की।

योगी पहुंचे तो दिग्गजों ने भी दिया आशीर्वाद

समारोह का सबसे खास आकर्षण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन रहा। करीब पौने चार बजे हापुड़ से राजकीय हेलीकाप्टर द्वारा हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मंच पर पहुंचकर उन्होंने संदीप-मेघना व सौरभ-अंतरा को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

मुख्यमंत्री ने दोनों जोड़ों को बुके व एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत उपहार भी भेंट किए। इस अवसर पर अंडमान निकोबार दीप समूह के उप राज्यपाल डा. दिनेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री व जिले के प्रभारी चौधरी लक्ष्मी नारायण, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह उपस्थित रहे।

इनके अलावा निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं मत्स्य मंत्री संजय निषाद, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर और रजनी तिवारी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में सांसद और विधायक भी समारोह में पहुंचे। राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी से आयोजन का दायरा और भव्य हो गया।

दावत के पंडाल में पहुंचे मुख्यमंत्री, जयकारों से गूंजा परिसर

मुख्य मंच पर दोनों जोड़ों को आशीर्वाद देने के बाद मुख्यमंत्री बराबर में बने विशाल दावत पंडाल में पहुंचे। यहां उस समय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां चल रही थीं। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर मेहमानों में उत्साह की लहर दौड़ गई। लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया।

Sandeep Singh Reception 1

द उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत 'बांके बिहारी लाल की जय'' के उद्घोष से की। पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। बीच-बीच में उन्होंने 'राधा रानी की जय' और 'ओम नम: पार्वती पतये, हर-हर महादेव' का उद्घोष भी किया। इससे समारोह का माहौल भक्तिमय हो गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सभी भारत माता के सपूत, पूर्व मुख्यमंत्रीर पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय बाबू कल्याण सिंह के दोनों सुपौत्रों के विवाह से पहले आयोजित इस मांगलिक कार्यक्रम के सहभागी बन रहे हैं। अभी मंच पर दोनों जोड़ों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं देने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि वह दोनों भाइयों को नए जीवन की शुरुआत के लिए हृदय से बधाई देते हैं। सभी को बांके बिहारी से प्रार्थना करनी चाहिए कि दोनों का जीवन यशस्वी और सुखमय हो तथा पूर्व मुख्यमंत्री बाबू कल्याण सिंह का आशीर्वाद हमेशा दोनों परिवारों पर बना रहे।

दिल्ली में 26 नवंबर को होगा संदीप-मेघना का विवाह

सगाई समारोह के बाद संदीप सिंह व मेघना चौधरी का विवाह 26 नवंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित है। 27 नवंबर को इसी स्थल पर रिसेप्शन होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अन्य दिग्गजों के शामिल होने की चर्चाएं हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।