UP के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह व छोटे भाई सौरभ की निकली घुड़चढ़ी, पिता ने भी लगाए ठुमके
यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की शादी की रस्में अलीगढ़ में घुड़चढ़ी के साथ शुरू हो गईं। इस दौरान पिता राजवीर सिंह राजू भैया सहित परिवार के सदस्यों ने जमकर नृत्य किया, विवाह 26 नवंबर को दिल्ली में होगा।

पुत्र संदीप सिंह व सौरभ सिंह के साथ नाचते पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की शादी की रस्में शुरू हो गई हैं। मंगलवार को मैरिस रोड स्थित राज पैलेस से दोनों भाइयों की घुड़चढ़ी धूमधाम से निकली। इस दौरान परिवार के सदस्य व करीबी रिश्तेदार उत्सव के रंग में नजर आए। मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह ने परिवार के साथ जमकर नृत्य किया।
उनके पिता, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र व एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया भी बेटे की खुशी में थिरकते नजर आए। संदीप सिंह का विवाह मेघना चौधरी और सौरभ सिंह का विवाह अंतरा त्यागी से होना है। दोनों भाइयों का विवाह 26 नवंबर को दिल्ली में होगा। समारोह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जोया पैलेस में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 27 नवंबर को इसी स्थल पर रिसेप्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इससे पहले 14 नवंबर को अलीगढ़ के रामघाट रोड स्थित मैदान में दोनों भाइयों का सगाई समारोह आयोजित हुआ था। विवाह समारोह के लिए परिवार की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई प्रमुख नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है। घुड़चढ़ी के आयोजन के साथ ही परिवार में शादी की खुशियां और उत्साह नजर आया।