विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसानों के लिए मौका, रबी की फसल का करा सकते हैं बीमा; आखिरी तारीख नजदीक

By Krishna Chandra Dargarh Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 28 Nov 2026 06:42 PM (IST)

अलीगढ़ के किसान 31 दिसंबर तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी फसलों का बीमा करा सकते हैं। यह योजना प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान के खिलाफ किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. रबी फसलों का बीमा 31 दिसंबर तक करा सकते हैं किसान।

  2. प्राकृतिक आपदाओं से फसल नुकसान पर मिलेगी आर्थिक सुरक्षा।

  3. ऋणी व गैर-ऋणी किसान आसानी से करा सकते हैं बीमा।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में किसान रबी की फसलों का बीमा 31 दिसंबर तक करा सकते हैं। इसमें गेहूं, जौ, चना, मसूर व सरसों सहित रबी की फसलें शामिल हैं। फसल बीमा किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, ओलावृष्टि, अतिवृष्टि, सूखा तथा कीट व रोगों से होने वाले नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

संयुक्त कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य किसानों को फसल क्षति की स्थिति में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। फसल को नुकसान होने पर योजना के प्रविधानों व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र किसानों को बीमा दावा क्षतिपूर्ति का लाभ दिया जाता है। वे बीमा कराने की प्रक्रिया सरल है।

जो किसान ऋणी केसीसी धारक हैं, उनका बैंक के माध्यम से बीमा किया जाएगा। गैर ऋणी किसान ऑनलाइन पोर्टल https://pmfby.gov.in, कामन सर्विस सेंटर, सहकारी समितियों, बैंकों अथवा अधिकृत बीमा कंपनी के माध्यम से बीमा करा सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, खतौनी/ भूमि अभिलेख की प्रति, बैंक खाते का विवरण तथा मोबाइल नंबर आवश्यक होंगे।

उन्होंने सभी जिला कृषि अधिकारी व उप कृषि निदेशक को निर्देश दिए हैं कि सभी विकास खंडों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से अधिकाधिक किसानों को योजना से जोड़ा जाए। किसानों को पंजीकरण की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।