Unlock-1.0: ट्रेन संचालन पहले ही दिन गड़बड़, दिल्ली-अलीपुरद्वार महानंदा एक्सप्रेस रद
LockDown 5.0 लॉकडाउन 5.0 यानी अनलॉक 1.0 के पहले दिन एक जून से रेल सेवा बहाल होने पर भी संचालन पटरी पर नहीं है।
अलीगढ़, जेएनएन। कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच अनलॉक 1.0 के पहले दिन एक जून से रेल सेवा बहाल होने पर भी संचालन पटरी पर नहीं है। दिल्ली से हावड़ा रूट की एक प्रमुख ट्रेन महानंदा महानंदा एक्सप्रेस को आज रद कर दिया गया। जिससे इसमें यात्रा करने का आरक्षण कराने वाले हजारों यात्री निराश हैं। अब पहली ट्रेन दोपहर 12:30 बजे लखनऊ से दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस अलीगढ़ पहुंची। इस दौरान खास सावधानी बरती गई। ट्रेन से यात्री उतर कर प्लेट फार्म पर बनाए गए गोले में ही खड़े हुए। इसके बाद शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हुए बाहर गए। रेलवे ने अलीगढ़ में गोमती, पूर्वा, वैशाली, प्रयागराज, ब्रह्मपुत्र व महानंदा एक्सप्रेस के अलावा तीन स्पेशल ट्रेनों को ठहराव दिया है। स्टेशन पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी जुटे हुए हैं। बसों का भी संचालन शुरू होे गया है।ट्रेन संचालन के लिए रविवार से ही स्टेशन पर तैयारी की जा रही थीं। दिनभर व्यवस्थाएं की गईं। स्टेशन पर आने और टिकट खरीदकर ट्रेन में सवार होने तक के नियम बनाए गए हैं। ताकि शारीरिक दूरी के नियम का पालन हो सके।
सोमवार से लॉकडाउन 4.0 के समाप्त होते ही दिल्ली हावड़ा मार्ग पर कई ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। ट्रेनों का संचालन शुरू होने को लेकर अलीगढ़ जंक्शन पर रेलवे अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। सफर करने वाले यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना होगा। स्टेशन पर गोले बनाए गए हैं। स्टेशन से जाने वाले सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है।
दिल्ली हावड़ा मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों में लखनऊ-दिल्ली गोमती एक्सप्रेस और अलीपुरद्वार-नई दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस का स्टापेज अलीगढ़ जंक्शन स्टेशन पर है। दोनों अपडाउन ट्रेन अपने पूर्व निर्धारित समय पर चलेंगी। पहले ही दिन महानंदा एक्सप्रेस के रद होने से यात्री काफी निराश हैं।