अज्ञात वाहन ने बाइक रौंदी, दो सगे भाइयों की मौत
चंडौस थाना क्षेत्र के गांव कसेरू निवासी बाइक सवार दो सगे भाइयों को मंगलवार की देरशाम खैर क्षेत्र में गोमत के पास अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। दो भाइयों की मौत से परिवार व गांव में हा-हाकार मचा हुआ है।
अलीगढ़ : चंडौस थाना क्षेत्र के गांव कसेरू निवासी बाइक सवार दो सगे भाइयों को मंगलवार की देरशाम खैर क्षेत्र में गोमत के पास अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। दो भाइयों की मौत से परिवार व गांव में हा-हाकार मचा हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिए हैं।
थाना चंडौस क्षेत्र के गांव कसेरू निवासी 45 वर्षीय धर्मपाल अपने बड़े भाई उदयवीर सिंह के साथ मंगलवार सुबह खैर क्षेत्र के गांव भालई में किसी रिश्तेदारी में एक त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने गए थे। देरशाम दोनों भाई बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी खैर-गौमत रोड पर गोमत के निकट किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में धर्मपाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उदयवीर सिंह को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात में जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची तो स्वजन व गांव में हाहाकार मच गया। क्षेत्र में सामाजिक कार्य करने वाली धार्मिक सेवा संस्था के अध्यक्ष भूरा सिंह सोलंकी ने बताया कि दुर्घटना में मरे दोनों भाई संस्था से जुड़े थे। हमेशा सामाजिक कार्यों में बढ़ -चढ़ कर हिस्सा लेते थे।
दो सगी बहनों का उजड़ा सुहाग
मृतक धर्मपाल सिंह की पत्नी उषा देवी व उदयवीर की पत्नी राजेश देवी भी आपस में सगी बहनें हैं। धर्मपाल सिंह के चार बेटे हैं, जिसमें उनके बड़े बेटे की शादी हो चुकी है। जबकि तीन बेटे मेहनत मजदूरी कर परिवार चलाने में धर्मपाल सिंह की मदद करते थे। वहीं उदयवीर सिंह के एक बेटा के पिता थे। बेटा किसी निजी कंपनी में नौकरी करता है। दोनों भाइयों की मौत से जहां परिवार में हाहाकार मच गया। वहीं उनकी पत्नी ऊषा देवी व राजेश देवी का भी सुहाग एक साथ उजड़ गया।