मॉडल को बंधक बनाने वाले अलीगढ़ के युवक का भोपाल में निकाला जुलूस, महिलाओं ने चप्पलों से की पिटाई
अलीगढ़ के गांव लोधा के रहने वाले युवक ने मॉडल व एएसआई पर किया था कैंची से हमला।
अलीगढ़ : भोपाल में शुक्रवार को एक मॉडल को बंधक बनाने वाले अलीगढ़ के ब्लॉक लोधा के रोहित कुमार (29) का शनिवार को जुलूस निकाला गया। भोपाल के थाने से मिसरोद इलाके तक इसे पैदल पुलिस ले गए। यह वही इलाका है, जहां मॉडल रहती है। रोहित को देख यहां की महिलाएं बाहर निकल आई और चप्पलों से उसकी पिटाई कर डाली। जैसे तैसे पुलिस रोहित को भीड़ से निकालकर कोर्ट ले गई, जहां से उसे रिमांड पर ले लिया गया।
मिसरोद में रहने वाली इस मॉडल से रोहित की मुंबई में मुलाकात हुई थी। कई सालों से दोनों एक दूसरे से परिचित थे। वहां दोनों फिल्मों में कैरियर बनाने गए थे। जनवरी माह से रोहित मॉडल पर शादी के लिए दबाव बना रहा है। फरवरी में युवती अपने घर भोपाल आ गई तो वह भी पहुंच गया और युवती को तमंचे से डरा कर छत पर ले गया। काफी देर तक बंधक बनाए रखा था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवती को उसके चंगुल से बचाया और रोहित को गिरफ्तार कर लिया। बाद में वह जमानत पर रिहा हुआ। इसके बाद परिजनों ने मॉडल को मुंबई नहीं भेजा। शुक्रवार को रोहित फिर भोपाल पहुंच गया। मॉडल को उसी के घर में 12 घंटे बंधक बनाए रखा। इस दौरान कैंची से युवती व एक एएसआई पर हमला भी किया। शादी के आश्वासन पर युवती को रोहित ने छोड़ा, लेकिन रोहित को पुलिस ने पकड़ लिया। इसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। शनिवार को सुबह से ही थाने पर भीड़ लग गई। दोपहर पुलिस ने रोहित का जुलूस निकाला।