हाथरस में रोडवेज की दो बसों में भिड़ंत , दो की मौत, 18 घायल
सिकंदराराऊ के एटा रोड पर रात करीब दो बजे हुआ हादसा, क्षेत्र केलोगों ने पुलिस की मदद कर घायलों को अस्पताल पहुंचवाया।
हाथरस : जिला मुख्यालय से 33 किलोमीटर दूर सिकंदराराऊ में गुरुवार रात करीब दो बजे बड़ा हादसा हुआ। एटा से दिल्ली जा रही विकास नगर डिपो (कानपुर) की बस ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में आगे चल रही औरैया डिपो की बस से भिड़ गई। एटा रोड पर गाव बरई शाहपुर मोड़ के पास हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, 18 घायल हो गए, जिन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया। टक्कर इतनी तेज थी कि एक बस के चालक साइड में परखच्चे उड़ गए।
हादसे के समय यात्री नींद में थे। चीख पुकार सुनकर पहुंचे क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को बसों से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इनमें शामिल विकास नगर डिपो के चालक संतोष (40) पुत्र पर्वत सिंह निवासी गांव अंजनी, थाना कुरावली, मैनपुरी ने अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। अजय (36) पुत्र महाराज सिंह निवासी इटावा की आगरा ले जाते समय मौत हो गई। घायल विकास पुत्र जगदीश चंद्र निवासी इटावा, विनोद पुत्र भीकालाल निवासी सुजानपुर शिवरामपुर कानपुर, लालता प्रसाद पुत्र हेतराम निवासी मैनपुरी, लक्ष्मी पुत्री रोशनलाल निवासी मैनपुरी, मीनू पत्नी रोशनलाल निवासी मैनपुरी, पुनीता पत्नी लालताप्रसाद निवासी नगला पाल मैनपुरी, जानमोहम्मद पुत्र नूर मोहम्मद निवासी कन्नौज, प्रदीप पुत्र रमेश चंद्र सक्सेना निवासी मैनपुरी, रोहित पुत्र घनश्याम सिंह निवासी औरैया, राधेश्याम निवासी मैनपुरी, राजकुमार निवासी औरैया, श्रीमती देवी निवासी छिबरामऊ, हरप्यारी निवासी कन्नौज, नासिर अली निवासी कन्नौज, नूरमोहम्मद निवासी मैनपुरी, कारे खान पुत्र नत्थू खा निवासी मैनपुरी को सिकंदराराऊ के अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया गया। हादसे से करीब डेढ़ घटे यातायात अवरुद्ध रहा। थाना प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के संबंध में किसी ने मामला दर्ज नहीं कराया है।