48 घंटे में अस्पतालों से भागे दो संक्रमित, महिला का पता नहीं Aligarh News
महिला अस्पताल में बुधवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव होने की जानकारी होते ही महिला भाग गई। सीएमएस ने बन्नादेवी थाने में महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
अलीगढ़ जेएनएन: महिला अस्पताल में बुधवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव होने की जानकारी होते ही महिला भाग गई। सीएमएस ने बन्नादेवी थाने में महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस सहित 48 घंटे में दो मरीज भाग चुके हैं। मंगलवार को दीनदयाल अस्पताल से संक्रमित मरीज फरार हो गया था, जिसे कासिमपुर पावर हाउस से पकड़ा था।
यह है मामला
सराय हकीम की गर्भवती महिला प्रसव पूर्व जांच के लिए महिला अस्पताल आई थी। यहां कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए एंटीजन किट से जांच की गई, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीएमएस डॉ. जेपी शर्मा ने जानकारी सीएमओ को दी। यह भी बताया कि महिला को दीनदयाल अस्पताल भेज रहे हैं। महिला गायब हो गई। उसके साथ आए तीमारदार का भी कोई पता नहीं चला। सीएमओ डॉ. बीपीएस कल्याणी ने बताया कि महिला का पता लगाने की कोशिश की जा रही है, ताकि इलाज किया जा सके।
24 घंटे बाद गांव में मिला मरीज
कासिमपुर पावर हाउस का मजदूर तीन अगस्त को कोरोना संक्रमित मिला। उसे जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां से दीनदयाल अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया। युवक नशे में धुत था। मंगलवार सुबह उसे अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी हुई तो कर्मचारियों को चकमा देकर भाग गया। मोबाइल नंबर की लोकेशन व संबंधित ठेकेदार से पूछताछ में उसके कासिमपुर में होने का जानकारी हुई। इसकी शिकायत क्वार्सी थाना पुलिस से की गई। यहां से टीम भेजकर मरीज को पुन: अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएमओ डॉ. बीपीएस कल्याणी ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।