दीपावली व छठ को लेकर ट्रेनों में मारामारी, 500 के पार पहुंची वेटिंग लिस्ट Aligarh News
ट्रेनों में इन दिनों मारा-मारी के हालात हैं। दीपावली व छठ पूजा पर घर जाने वालों की भीड़ बढ़ गई है। वेटिंग लिस्टि 500 के पार पहुंच गई है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। ट्रेनों में इन दिनों मारा-मारी के हालात हैं। दीपावली व छठ पूजा पर घर जाने वालों की भीड़ बढ़ गई है। वेटिंग लिस्टि 500 के पार पहुंच गई है। रिजर्वेशन कंफर्म न होने की वजह से यात्रियों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दीपावली में पांच दिन हैं शेष
दीपावली में अभी पांच दिन शेष हैं, लेकिन ट्रेनों पर पैर रखने तक की जगह नहीं है। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, बनारस व बिहार जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 500 के पार जा पहुंची है। लोगों को ट्रेन की जगह आवागमन के लिए अन्य संसाधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। कंफर्म टिकट न मिलने वाले यात्रियों की निगाहें तत्काल टिकट पर लगी हैं। इसकी बुकिंग ट्रेन रवाना होने से 24 घंटे पहले ही शुरू होती है। ऐसे में सुबह से ही रिजर्वेशन काउंटर पर लंबी लाइनें देखी जा सकती हैं। अलीगढ़ में तत्काल टिकट का कोटा सिर्फ 15 सीट का है।
ट्रेन का नाम, वेटिंग की स्थिति
ब्रह्मपुत्र मेल, 530
प्रयागराज एक्सप्रेस, 545
कालका मेल, 580
आम्रपाली, 610
नार्थ ईस्ट, 660
महानंदा, 470
नंदन-कानन एक्सप्रेस, 480
मुरी एक्सप्रेस, 410
गोमती, 515
लंबी दूरी की ट्रेनों में भीड़
स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम ने बताया कि दीपावली व छठ पर्व पर लंबी दूरी की ट्रेनों में भीड़ है। आरक्षित टिकटों की बुकिंग एक माह पूर्व शुरू होने से वेटिंग 500 के पार जा चुकी है।
दीपावली पर सुपर फास्ट प्रयागराज-आनंद विहार
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि दीपावली पर यात्रियों की सुविधा के लिए 28 से 31 अक्टूबर तक सुपरफास्ट प्रयागराज-आनंद विहार ट्रेन का संचालन होगा। प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़, गाजियाबाद के बाद आनंद विहार टर्मिनल पर ट्रेन का ठहराव होगा।