विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 08, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अलीगढ़ में 21 में से एक ही शिकायत का हो सका निस्तारण

By JagranEdited By:
Published: Mon, 08 Nov 2021 09:21 PM (IST)

डीएम की अध्यक्षता में कृष्णांजलि में हुआ संपूर्ण समाधान दिवस एमएलसी व विधायक भी हुए शामिल।

अलीगढ़ में 21 में से एक ही शिकायत का हो सका निस्तारण
अलीगढ़ में 21 में से एक ही शिकायत का हो सका निस्तारण

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : नवंबर का पहला संपूर्ण समाधान दिवस सोमवार को जिले के सभी तहसील मुख्यालयों पर आयोजित किया गया। नुमाइश मैदान की कृष्णांजलि नाट्यशाला में कोल तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम सेल्वा कुमारी जे. व एसएसपी कलानिधि नैथानी ने अपने अमले के साथ उपस्थित होकर फरियादियों की शिकायतों को सुना। एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, शहर विधायक संजीव राजा व कोल विधायक अनिल पाराशर भी इसमें शामिल हुए, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी निराकरण की उम्मीद लगाए फरियादियों को निराशा ही हाथ लगी। यहां कुल 21 में से महज एक शिकायत का ही निस्तारण हो सका। अन्य शिकायतों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया है। जिले की अन्य तहसीलों का भी यही हाल रहा है।

डीएम सेल्वा कुमारी जे की अध्यक्षता में कृष्णांजलि में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें डीएम ने सभी विभागों के अफसरों को निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण ढंग से शिकायत निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि समाधान दिवस के प्रार्थना पत्रों को अफसर प्राथमिकता में लेकर एक सप्ताह में निस्तारित करें। अगर गुणवत्ता परख निस्तारण नहीं होता है तो फिर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। निस्तारण के समय शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर अवश्य कराएं। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 21 शिकायतें आईं। इनमें गीता देवी पत्नी धर्मेंद्र सिंह ने व्यक्तिगत रूप से खरीदे गए प्लाट पर अन्य व्यक्ति द्वारा जबरन कब्जा करने की शिकायत की। वहीं, सपेरा भानपुर के राजीव कुमार ने खेत की नाप कराने के साथ कब्जा दिलाने की मांग की। ऊंटासानी के लखीराम ने शिकायत की कि कुछ ग्रामीणों द्वारा सरकारी नाली को तोड़कर अपने खेतों में मिला लिया गया है, जिसकी वजह से उनके खेत तक पानी नहीं पहुंच पाता है। इस मौके पर सीडीओ अंकित खंडेलवाल, एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल, एसपी ट्रैफिक अखिलेश भदौरिया, एसडीएम कोल संजीव ओझा समेत अन्य मौजूद रहे।