विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘भारत में हिंदू घट रहे’, प्रवीण तोगड़िया बोले- भेदभाव भूलकर संगठित होने की जरूरत… हर गली-मोहल्ले में हो हनुमान चालीसा

Published: Fri, 09 Jan 2026 11:52 AM (IST)

अलीगढ़ में एक कार्यक्रम में डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने हिंदुओं को जातिगत भेदभाव छोड़कर संगठित होने का आह्वान किया। ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। कस्बा के एक गेस्ट हाउस में गुरुवार को अंर्तराट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया शामिल हुए। आयोजित सभा में तोगड़िया ने हिंदू को संगठित रहने का मंत्र दिया।

सभा को संबोधन में डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि भारत में हिंदू घट रहा है, अब जातिगत भेदभाव भूलकर हिंदुओं को जागरूक व संगठित होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हर गांव और शहर की हर कालोनी में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया जाए, इससे हिंदू समाज में एकजुटता और समरसता बढ़ेगी।

केवल 100 करोड़ ही हिंदू बचे

तोगड़िया ने कहा कि हिंदू समाज, हिंदू राष्ट्र और हिंदू धर्म भगवान द्वारा बनाया गया है, जो दिव्य है और सृष्टि के प्रारंभ से अस्तित्व में है। उन्होंने दावा किया कि 2000 वर्ष पहले पूरी दुनिया में हिंदू थे, लेकिन आज विश्व की 800 करोड़ की जनसंख्या में केवल 100 करोड़ ही हिंदू बचे हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि 70-80 वर्षों बाद भारत में हिंदुओं की संख्या 100 करोड़ से घटकर 50 करोड़ हो सकती है। भारत में हिंदुओं का बहुमत बनाकर रखना है, तो सरकार से जनसंख्या नियंत्रण कानून बनवाना होगा। समान नागरिक संहिता (यूनिफार्म सिविल कोड) भी लागू करवाना।

करोड़ों बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश से बाहर करने की मांग सरकार से करनी है। हिंदू केवल हिंदू से ही खरीदारी करें, और हिंदुओं को ही रोजगार दें। हिंदू परिवारों में तीन बच्चे हों। ऐसा सप्त संकल्प दिलाकर हिंदू समाज को संगठित होकर तन, मन, धन से हिंदू हित में काम करने का मंत्र दिया।

हिंदुओं को संस्कारी बनने की दी सीख

डॉ. तोगड़िया ने हिंदुओं को संस्कारी बनने की भी सीख दी। उन्होंने प्रण दिलाया कि हर रोज भगवान का स्मरण और मंत्रोच्चार करें। उन्होंने शनिवार या मंगलवार को हनुमान चालीसा केंद्र चलाने की अपील की।

साथ ही संवृद्ध हिंदुओं से गरीबों की सहायता करने, बीमारों को मुफ्त इलाज दिलाने व 24 घंटे हिंदू हेल्पलाइन सेवा, मुफ्त वकील सेवा, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य प्रशिक्षण और रोजगार सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके हिंदू हेल्पलाइन नंबर 020-66803300 पर 24 घंटे मदद ली जा सकती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋषिराज सिंह व संचालन आर के सिंह ने किया। वहीं, अखंड हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक शर्मा आजाद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संदीप सिंह जादौन, महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजलि ठुकराल, उपाध्यक्ष जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह आदि पदाधिकारियों ने डॉ. तोगड़िया को पगड़ी पहनाकर व तलवार भेंदकर स्वागत किया। इस मौके पर हरेंद्र सिंह, प्रेमपाल सिंह, सोलंकी, राहुल प्रताप सिंह, अतुल आदि लोग रहे।

टोल प्लाजा पर हुआ तोगड़िया का जोरदार स्वागत

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया का गुरुवार सुबह टोल प्लाजा पर संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। वह दिल्ली से कार द्वारा हरदुआगंज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे।

टोल प्लाजा पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और नारेबाजी कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, चमन प्रकाश भारद्वाज, तहसील अध्यक्ष विशाल शर्मा, हेमंत शर्मा, प्रताप सिंह, अर्जुन सिंह चौहान, विवेक सिंह चौहान, नरेश भट्ट, अनमोल शर्मा, वैष्णवी शर्मा आदि मौजूद रहे।