173 सीट वाले सिनेमा हॉल में तीन दर्शक पहुंचे फिल्म देखने
जागरण संवाददाता अलीगढ़ शहर के स्टार वर्ल्ड सिनेमा में कोरोना काल में सात माह की बंदी
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : शहर के स्टार वर्ल्ड सिनेमा में कोरोना काल में सात माह की बंदी के बाद शनिवार को पहले शो में सिर्फ तीन दर्शकों ने ही फिल्म गुड न्यूज देखी। इसमें एक बार ही 173 दर्शकों के बैठने की सीटें हैं। यहां पूरे दिन में आठ में से पांच शो कैंसिल हो गए। 10 टिकटों की बिक्री हुई। शहर के अन्य सिनेमा हॉल का भी यही हाल था। दर्शक सिनेमा हॉल से छिटके दिख रहे हैं।
लॉकडाउन के बाद शनिवार से शहर के तीनों सिनेमाघर खुल गए हैं। हर दिन औसतन डेढ़ से दो हजार लोगों को फिल्म दिखाने वाले ग्रेट वैल्यू मॉल के स्टार वर्ल्ड सिनेमा में सिर्फ 10 दर्शक ही फिल्म देखने पहुंचे। पहले शो में तीन दर्शक थे। दर्शकों ने बताया कि जिदगी में पहली बार ऐसा लगा कि पूरा शो हमारे लिए ही बुक हुआ है। अन्य सिनेमा हॉल का भी यही रहा। वाडरा सिनेमा में भी कम संख्या में ही दर्शक पहुंचे। सीमा मल्टीफ्लेक्स में उम्मीदों से कम दर्शक पहुंचे। सिनेमा हॉल संचालक इससे बिल्कुल हताश नहीं हैं। स्टार वर्ल्ड सिनेमा के मैनेजर अनिल शुक्ला ने बताया कि पहला दिन था, इसलिए कम लोग आए। आने वाले दिनों में भीड़ बढ़ जाएगी। वाडरा सिनेमा के मालिक धनदेवजीत वाडरा ने बताया कि शासन की ओर से जारी गाइड लाइन के हिसाब से ही इंतजाम किए गए हैं। 50 फीसद सीटों पर ही दर्शक बैठाने की व्यवस्था है। हर शो पर सीट सैनिटाइज की जा रही हैं। मास्क पहना अनिवार्य है।
सस्ती मिल रही टिकट : पिछले कुछ दिनों से कोई नई फिल्म रिलीज न होने के चलते सिनेमाघरों में अभी पुरानी फिल्में ही चल रही हैं। सभी ने आधे दाम कर रखे हैं। 50 फीसद कीमतों में ही टिकट मिल रही हैं।