बापू के पुतले को गोली मारने में तीन आरोपित गिरफ्तार, मुख्य आरोपित की तलाश में दबिश
महात्मा गांधी के पुतले को गोली मारने में पुलिस ने अभिषेक, मनोज निवासी बी दास कंपाउंड नौरंगाबाद व अधिवक्ता गजेंद्र कुमार निवासी सराय बुर्ज आगरा रोड को गिरफ्तार कर लिया।
अलीगढ़, जेएनएन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को टॉय पिस्टल से गोली मारकर कानूनी फंदे में फंसीं अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव व कथित हिंदू कोर्ट की प्रथम जज पूजा शकुन पांडेय पति अशोक समेत फरार हैं। पुलिस ने अभिषेक, मनोज निवासी बी दास कंपाउंड नौरंगाबाद व अधिवक्ता गजेंद्र कुमार निवासी सराय बुर्ज आगरा रोड को गिरफ्तार कर लिया। गजेंद्र को कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई। उल्लेखनीय है कि बापू की पुण्यतिथि पर जब पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है, उसी समय एक कथित हिंदूवादी संगठन ने यह शर्मनाक कृत्य किया।
गांधी का विरोध और गोडसे अमर रहे के नारे
अलीगढ़ के गांधीपार्क क्षेत्र के नौरंगाबाद स्थित महासभा कार्यालय के बाहर बुधवार दोपहर 12 बजे डॉ. पूजा शकुन और उनके समर्थकों ने शौर्य दिवस मनाया था। गांधी मुर्दाबाद व गोडसे अमर रहे के नारे लगाए। गांधीजी के पुतले को सड़क पर रखकर तीन गोलियां मारीं और दहन कर दिया। बाद में नौरंगाबाद चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इनमें डॉ. पूजा, उनके पति अशोक पांडेय, भतीजे अभिषेक के साथ मनोज, जयवीर, अधिवक्ता गजेंद्र, अनिल, राजीव व चार अज्ञात शामिल हैं। एएसपी नीरज जादौन ने बताया कि बाकी आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं।
बापू का अपमान-गोडसे को श्रद्धासुमन
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अखिल भारतीय हिंदू महासभा की एक नेता ने ३० जनवरी को बापू का अपमान किया था। इस महिला नेता ने बापू के पुतले को शूट करते हुए तस्वीरें खिंचवाईं, वहीं संगठन के कार्यकर्ताओं ने शौर्य दिवस मनाया। इस दौरान नाथूराम गोडसे की तस्वीर पर माल्यार्पण भी किया गया। यहीं नहीं महात्मा गांधी के पुतले का दहन भी किया गया था। इस घटना के विरोध में एएमयू में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली और गोडसे के पुतले को फांसी देने के साथ आरएसएस मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए। विद्यार्थियों की यात्रा से प्रशासन के अधिकारियों में खलबली मची रही।