हाथरस में छात्रा ने युवक को ऐसा धुना कि सबने दिया उसका साथ, जानिए क्या था मामला
छेड़छाड़ से परेशान छात्रा ने अलीगढ़ रोड पर शोर मचाकर लोगों को एकत्रित कर लिया। लोगों ने आरोपित युवक को दबोच लिया तथा धुनाई कर दी।
हाथरस (जेएनएन)। छेड़छाड़ से परेशान छात्रा ने अलीगढ़ रोड पर शोर मचाकर लोगों को एकत्रित कर लिया। लोगों ने आरोपित युवक को दबोच लिया तथा धुनाई कर दी। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। उसके परिवार वालों को थाने बुलाया गया। पीडि़ता ने सीओ सिटी से शिकायत की तथा थाने में तहरीर दी।
दस दिन से युवक कर रहा था परेशान
गांव तमनागढ़ी की रहने वाली किशोरी शहर के इंटर कॉलेज में पढ़ती है। करीब दस दिनों से पड़ोस का ही युवक उसे परेशान कर रहा था। किशोरी के अनुसार दस दिन पहले युवक ने उससे कॉल करने के बहाने मोबाइल फोन लिया। आरोप है कि युवक ने अपने नंबर पर ही कॉल किया था। मोबाइल नंबर मिलने के बाद से वह लगातार फोन कर रहा था तथा उसे परेशान कर रहा था। जब फोन उठाना बंद कर दिया तो स्कूल आते-जाते समय पीछा करना शुरू कर दिया। सुबह वह स्कूल की तरफ आ रही थी।
युवक रोज करता था पीछा
युवक ने सुबह पीछा करना शुरू कर दिया। इंडस्ट्रियल एरिया चौकी के पास युवक ने उसे रोक लिया तथा शादी का दबाव बनाने लगा। लड़की को परेशान करते देख लोग आ गए। हंगामा होने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इंटर कॉलेज से गई छात्रा बरामद
हाथरस में चामड़ गेट चौकी क्षेत्र से लापता इंटर कॉलेज की छात्रा को कोतवाली सदर पुलिस ने बरामद कर लिया है। लड़की की मां ने मथुरा के युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसआई चामड़ गेट डिप्टी ङ्क्षसह ने बताया कि पुलिस के दबाव के चलते आरोपित युवक लड़की को ओढ़पुरा तिराहे पर छोड़कर भाग गया। लड़की का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा। बयान कराने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस आरोपित युवक की तलाश में जुटी है।
दुल्हन तो मिली, पर नहीं हो सकी शादी
शादी से पांच दिन पहले लापता हुई दुल्हन को पुलिस की मदद से परिजनों ने बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार युवती अपने होने वाले पति से ही नाराज होकर घर से चली गई थी। लड़के की आदतें ठीक न लगने पर वह शादी नहीं करना चाहती थी। इसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था। परिजन शादी नहीं रोकते, इसलिए उसने यह कदम उठाया। शादी वाले दिन ही परिजनों को पता चला कि वह जयपुर में है। लड़की के सही-सलामत मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है।