अलीगढ़ की फाइलों में धधक रहे अंगारे, लेकिन हाथ ठंडे
शीतलहर में लोगों को ठंड से बचाने के लिए नगर निगम की ओर से 112 स्थानों पर अलाव जलाने का दावा किया जा रहा है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। शीतलहर में लोगों को ठंड से बचाने के लिए नगर निगम की ओर से 112 स्थानों पर अलाव जलाने का दावा किया जा रहा है। 10 रैन बसेरों पर 50 किलो के अलावा बस स्टैंड, अस्पताल व रेलवे स्टेशन जैसे अन्य सार्वजनिक स्थानों को मिलाकर 102 अलाव प्वाइंट पर 30 किलो प्रति लकड़ी रोज जलाई जाती है, लेकिन हकीकत कुछ और ही है।
दैनिक जागरण ने खोली पोल
दैनिक जागरण ने मंगलवार की रात आठ से 9:30 बजे तक अलाव स्थलों पर पड़ताल की तो इससे नगर निगम की पोल खुल गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि रैन बसेरा व अन्य स्थानों पर 10-20 किलो कम लकड़ी पहुंच रही है। जहां हर रोज 50 किलो आनी चाहिए वहां पर 30 किलो और जहां पर 30 किलो आनी चाहिए वहां पर 20 किलो पहुंच रही है। कभी आती भी नहीं, कभी गीली लकड़ी आ रही है जो देर में जलती है। साथ ही ठोस कम होने के कारण जल्दी जल जाती है।
अलाव न जलने की शिकायत
पूर्व पार्षद व कई लोग अलाव न जलने की मुख्यमंत्री से शिकायत कर चुके हैं। नगर निगम ने दिसंबर के पहले सप्ताह में 16 स्थानों पर अलाव जलाना शुरू किया था। इसमें स्थायी और अस्थायी रैन बसेरा के अलावा मलखान सिंह जिला अस्पताल, मोहनलाल गौतम जिला अस्पताल, दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, रेलवे स्टेशन, गांधी पार्क और मसूदाबाद बस अड्डा शामिल है। सभी वार्डों को मिलाकर अब तक यह संख्या बढ़कर 112 हो गई है।
अलाव प्वॉइंट एक - जीवनगढ़ एसबी लॉज के सामने इस्लामुद्दीन ने बताया कि आज लकड़ी नहीं पहुंची है।
अलाव प्वॉइंट दो- जीवनगढ़ नई आबादी में मैराज गैराज के सामने पप्पू ने बताया कि आज लकड़ी नहीं आई। कल की लकड़ी जला रहे हैं।
अलाव प्वॉइंट तीन - केला नगर चौराहे पर नगर निगम का अस्थायी रैन बसेरा बना हुआ है। यहां पर 25 किलो लकड़ी आ रही है, जबकि यहां पर कागजों में 50 किलो जलाई जाती है।
अलाव प्वॉइंट चार - सेंटर प्वाइंट पर 15 किलो लकड़ी पड़ी हुई थी। यहां पर अलाव नहीं जल रहा था।
अलाव प्वॉइंट पांच - रेलवे स्टेशन पर कल्लू ने बताया कि आज यहां लकड़ी नहीं आई थी। कल की लकड़ी जलाई जा रही है।
अलाव प्वॉइंट छह- जिला अस्पताल के गेट पर अलाव जल रहा था। शमशाद ने बताया कि गीली लकड़ी जलती नहीं है। इमरजेंसी के सामने लकड़ी पड़ी हुई थी। यहां पर अलाव नहीं जल रहा था।
अलाव प्वाइंट सात- गांधी पार्क बस स्टैंड पर बताया कि 15 से 20 किलो ही लकड़ी आ रही है। कुछ गीली होती हैं।
अलाव की संख्या बढ़ाई
प्रभारी अवर अभियंता कपिल कुमार ने बताया कि नगर निगम 112 स्थानों पर अलाव जलवा रहा है। रैन बसेरा पर 50 किलो व अन्य प्वाइंट पर 30 किलो लकड़ी रोजाना जलवाई जा रही है। ठंड के हिसाब से अलावों की संख्या बढ़ाई गई है ।