फिनलैंड के उपराजदूत ने अलीगढ़ में तलाशी निवेश की संभावनाएं
यूरोपियन यूनियन के प्रमुख देश फिनलैंड के उपराजदूत एरिक एफ हेलस्ट्रॉम यहां पहुंचे। शहर के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ व्यापारिक करार को लेकर निवेश की संभावनाएं तलाशी।
अलीगढ़ (जेएनएन)। यूरोपियन यूनियन के प्रमुख देश फिनलैंड के उपराजदूत एरिक एफ हेलस्ट्रॉम मंगलवार को तालानगरी, सेक्टर-2 स्थित प्रसीजन ओवरसीज कंपनी में पहुंचे। यहां शहर के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ व्यापारिक करार को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने निवेश की संभावनाएं तलाशी।
औद्योगिक क्षेत्र में अलीगढ़ का अहम योगदान
एरिक ने कहा कि वह अलीगढ़ में दूसरी बार आए हैं। पहली बार 11 अगस्त 2018 को डिफेंस कॉरिडोर समिट में आए थे। तब यहां के ताला-हार्डवेयर के बारे में जानने को मिला। उन्होंने कहा कि प्रसीजन ओवरसीज कंपनी के चेयरमैन बीपी बसंल व सीएमडी मनीष बंसल ने आने का न्योता दिया। एरिक ने इंडस्ट्रीज के क्षेत्र में अलीगढ़ के अहम रोल की बात कही।
भ्रष्टाचार मुक्त देश है फिनलैंड
उन्होंने कहा कि यहां निवेश की अपार संभावनाएं हैं। अपने देश का इतिहास बताते हुए कहा कि उनका देश वर्ष 1917 में रूस की गुलामी से आजाद हुआ था। यह भ्रष्टाचार मुक्त देश है। उनके देश में शिक्षा व स्वस्थ्य निश्शुल्क है। उन्होंने साफ कहा कि उनका यह दौरा निजी है। उनके देश में रक्षा हथियारों की प्रक्रिया काफी जटिल है, फिर भी वह अपनी सकारात्मक रिपोर्ट रक्षामंत्रालय भेजेंगे। ताला-हार्डवेयर को तकनीकी रूप से मजबूती देंगे।
ऐरो इंडिया शो में डिफेंस कॉरिडोर के निवेश पर होगी चर्चा
ताला-हार्डवेयर व रक्षा हथियारों के कलपुर्जा बनाने वाले उद्यमियों के प्रस्तुतिकरण से उप राजदूत एरिक बेहद खुश होकर गए हैं। उन्होंने साफ कहा कि लघु कुटीर उद्योगों का अलीगढ़ हब है। वह 21 से 24 फरवरी तक बेंगलुरु में आयोजित होने वाले ऐरो इंडिया शो में फिनलैंड के उद्यमियों के साथ बैठक करेंगे। डिफेंस कॉरिडोर में निवेश पर भी चर्चा करेंगे। इसके लिए 10 उद्योगपतियों का प्रतिनिधि मंडल बेंगलुरु जाएगा। आयात निर्यात को लेकर मंथन होगा।
पावना ग्रुप का किया अवलोकन
रक्षा हथियारों के कलपुर्जे निर्माता नवनीत वाष्र्णेय ने यहां बन रहे रक्षा हथियारों के कलपुर्जों के बारे में बताया। एरिक ताला-हार्डवेयर आदि उत्पादनों की कैटलॉक भी साथ ले गए हैं। उन्होंने पावना ग्रुप की इंडस्ट्रीज का अवलोकन भी किया। इस मौके पर सांसद सतीश गौतम, उद्योगपति विजय बजाज, बीडी गुप्ता, नवनीत वाष्र्णेय, गौरव मित्तल, अजय पटेल, मोहित गुप्ता, प्रशांत गोयल, प्रवीन शर्मा, प्रहलाद चौहान, नवीन बृजवासी, हरप्रीत सिंह, विकास जैन, दिलीप अग्रवाल आदि मौजूद थे।