विजयादशमी पर शहर अंधेरे में, खूब गायब रही बिजली
रावण दहन के बाद गड़बड़ाई व्यवस्था।
जासं, अलीगढ़ : विजयादशमी पर रविवार को बिजली गुल हुई। आधा शहर अंधेरे में डूबा रहा। गनीमत रही कि रावण दहन के दो घंटे बाद बिजली गुल हुई। यदि रावण दहन के समय बिजली गुल होती तो अफरा-तफरी मच सकती थी। बताया जा रहा है कि 33 केवी लाइन खराब होने के चलते लाइट गायब रही।
रविवार को दिनभर बिजली व्यवस्था ठीक रही। शहर मे दो-चार मिनट के लिए ही बिजली गुल हुई। रात आठ बजे से गड़बड़ होनी शुरू हो गई। रात नौ बजे से फिर व्यवस्था बेपटरी हो गई। नौ बजे गुल हुई तो आधे घंटे बाद रात 9:30 बजे लाइट आई। दस मिनट के लिए लाइट आई और फिर आधे घंटे बाद आई। उसके बाद तो देररात 12 बजे तक लाइट गुल रही। दो-चार मिनट के लिए आई होगी। शहर में तमाम जगहों पर रावण दहन, देवी जागरण आदि कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। लाइट न आने से उन्हें दिक्कत का सामना करना पड़ा। धनीपुर क्षेत्र, एटा चुंगी, स्वर्णजयंती नगर, कावेरी वाटिका रोड, निधिवन कॉलोनी, सूर्य सरोवर कॉलोनी, सुरेंद्र नगर क्षेत्र आदि जगहों में लाइट गुल रही। 33 केवी की लाइन में खराबी आने के चलते आपूर्ति बाधित रही। जेई चंचल कुमार ने बताया कि रात में लाइनमैन ठीक करने में लगे हुए थे।