पराली की आग पर बढ़ाई निगरानी
गभाना व खैर तहसील में अधिक मामले 36 मामलों में 43 किसान हो चुके नामजद।
जासं, अलीगढ़ : पर्यावरण के लिए चुनौती बनी पराली की आग को ठंडा करने के लिए प्रशासनिक कवायद तेजी हो गई है। कृषि अधिकारियों की अगुवाई में गठित पांच टीमें सेटेलाइट से मिली लोकेशन के आधार पर रात में गांव-गांव दौड़ रही हैं। पराली जलाने के अब तक 36 मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें 43 किसानों के खिलाफ कुल 22 मुकदमे दर्ज हुए। ज्यादातर मामले गभाना व खैर तहसील के हैं।
पराली जलाने पर अंकुश लगाने के लिए उप कृषि निदेशक अनिल कुमार, जिला कृषि अधिकारी विनोद सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी राजेश कुमार, उप संभागीय कृषि अधिकारी संतोष कुमार व मनोज कुमार के नेतृत्व में पांच टीमें तहसील स्तर पर गठित हुई हैं। उप कृषि निदेशक ने बताया कि सेटेलाइट से मिली लोकेशन के आधार पर टीमें तत्काल मौके पर पहुंचती हैं। कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा रही है। 43 किसानों पर मुकदमे दर्ज हुए, आठ गिरफ्तार किए गए। 97500 रुपये जुर्माना लगाया गया, जिसमें 32500 रुपये वसूल किया गया। 99.20 टन पराली निराश्रित मवेशियों के लिए भेजी गई है। ग्रामीणों को जागरूक भी किया जा रहा है। इसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं। किसान खेतों में पराली डालकर जुताई करा रहे हैं। प्राइवेट कंपनी द्वारा भी पराली का निस्तारण हो रहा है।