कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत कई नेता नजरबंद, मुख्यमंत्री को घेरने की तैयारी थीAligarh News
कोरोना नियंत्रण व हालात का जायजा जनपद आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घेरने के लिए कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं की रणनीति को पुलिस प्रशासन ने विफल कर दिया है। उन्हें नजरबंद कर दिया गया है।
अलीगढ़, जेएनएन। कोरोना नियंत्रण व हालात का जायजा जनपद आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घेरने के लिए कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं की रणनीति को पुलिस प्रशासन ने विफल कर दिया है। उन्हें नजरबंद कर दिया गया है। कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह को अपने घर पर पुलिस ने नजरबंद किया है। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल को एएमयू जाने से पुलिस ने रोक दिया। मैरिस रोड चौराहे से आगे नहीं जाने दिया। युवक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष को पुलिस ने नजर बंद किया है। इन्होंने सीएम को काले झंडे दिखाने का एलान किया था। बाद मेंं युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जियाउर्रहमान को पुलिस ने नजरबंद किया।
सीएम का विरोध प्रदर्शन करने वाले थे कांग्रेसी
जिलाध्यक्ष ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ योगी अलीगढ़ आगमन पर कांग्रेस जन सीएम का विरोध प्रदर्शन करने वाले थे।जनपद के अंदर आक्सीजन की कमी वैक्सीन की कमी जनता को समय पर उपचार नहीं मिलना आक्सीजन की कालाबाजारी हो रही है। और भी अव्यवस्था हैं, जिनकी वजह से मरीजों को इलाज नहीं मिल रहा। समय से भर्ती तक नहीं किया जा रहा। संदिग्ध मरीजों की जांच तक नहीं हो रही। उत्तर प्रदेश के मुखिया के नुमाइंदे सात एमएलए, दो एमपी, एमएलसी व पूरा तंत्र भाजपा का होते हुए भी जनपद के अंदर कोरोना से पीड़ित जनता बेहाल है। लाकडाउन के चलते हुए खाद्य पदार्थों पर महंगाई की मार चरम पर है । मुख्यमंत्री अलीगढ़ को आर्थिक पैकेज की घोषणा करें।आक्सीजन पर कालाबाजारी पर रोक लगाएं । महंगाई की मार से जनता को राहत पहुंचाएं। अफसोस, सरकार के इशारे पर विरोधियों की आवाज को दबाया जा रहा, ताकि व आमजन की पीढ़ा को उठा न पाएं। मुझे सुबह से ही नजरबंद कर लिया गया। और भी नेता नजरबंद किए गए हैं, जो निंदनीय है।