अस्थाई जेल के बाहर आतंक काटने वाले इगलास थाने के टॉप 10 अपराधी की तलाश Aligarh news
अस्थाई जेल के बाहर इगलास के युवक को मारने आए इगलास थाने के टॉप 10 अपराधी रोहित ने खूब आतंक काटा। रास्ते में पहले कार में डंडे बरसाए। फिर ताबड़तोड़ फायरिंग भी की। पुलिस ने रोहित समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अलीगढ़, जेएनएन। लोधा थाना क्षेत्र स्थित अस्थाई जेल के बाहर इगलास के युवक को मारने आए इगलास थाने के टॉप 10 अपराधी रोहित ने खूब आतंक काटा। रास्ते में पहले कार में डंडे बरसाए। फिर ताबड़तोड़ फायरिंग भी की। पुलिस ने रोहित समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीन हिरासत में हैं। रोहित की तलाश की जा रही है।
ऐसे चल रही रोहित की दबंगई
इगलास के गांव दुमेड़ी निवासी मनोज गुरुवार को अपने भाई अनुज को कपड़े आदि देने के लिए लोधा की अस्थाई जेल में आ रहे थे। कार में भाई मुरारी व बहनोई पुनीत भी थे। रास्ते में ल्हौसरा नई रेलवे लाइन के पास दो कार व एक मोटरसाइकिल सवार लोगों ने रोक लिया। इनमें रोहित व प्रशांत के हाथ में तमंचे थे। बाकी हाथों में डंडे थे। इसका आभास होते ही मनोज ने कार दौड़ा दी। तभी विशाल, मोनू आदि ने कार पर डंडे मारे। फायरिंग की। कारों से पीछा करना शुरू कर दिया। ओवरटेक का प्रयास किया। आइटीएम कॉलेज पर पहुंचे तो मनोज ने अपने परिचित व रिश्तेदारों को बुला लिया। मनोज का आरोप है कि रोहित से मुकदमेबाजी चल रही है। इसी रंजिश के चलते हत्या करने की नीयत से उसने ऐसा किया है। लोधा एसओ रामवकील ने बताया कि मनोज की तहरीर पर रोहित उपाध्याय निवासी दुमेड़ी, विशाल तोमर, सोनू, प्रशांत शर्मा, संजू व काकू के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने संजू, काकू व अजीत को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपित रोहित इगलास थाने का टॉप 10 अपराधी है। इसके खिलाफ ईसी एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इसकी तलाश में दबिश दे रही है।